शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र निवासी दैनिक जागरण के पत्रकार श्रीधर श्रीवास्तव तथा उनके पत्रकार साथी रमेश तिवारी पर सपाइयों ने जानलेवा हमला किया. पहले पत्रकार पर फायर किया गया. फायर मिस हो जाने पर आरोपी सपाइयों ने दोनों पत्रकारों पर पिस्टल के बट और डंडों से हमला किया. हमलावर इतने दबंग थे कि उन्होंने बंडा थाने के गेट पर हमला को अंजाम दिया. दोनों पत्रकार थाने के भीतर भागकर अपनी जानी बचाई. पत्रकारों की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ जालनेवा हमला समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पर सपा के दबाव में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
घटना 25 अप्रैल की दोपहर की है. खबर के अनुसार सपा से जुड़े गुलफाम सिंह यादव, उसके पुत्र लल्ला सिंह यादव, अजय मिश्र एवं सोनू तिवारी अक्सर श्रीधर पर बसपाइयों के खिलाफ गलत-सही खबर लिखने का दबाव डालते थे. कुछ इसी तरह की खबर श्रीधर ने प्रकाशित नहीं की थी. खबर न छापने को लेकर आरोपी उनसे नाराज थे. श्रीधर के अनुसार वो 25 की दोपहर समाचार संकलन के लिए सहयोगी रमेश तिवारी के साथ थाना बंडा जा रहे थे. तभी गेट के मौजूद सपाइयों ने उन पर तमंचे से फायर कर दिया, परन्तु फायर मिस हो गया. श्रीधर डर से अपने वाहन सहित नीचे गिर गए.
इसके बाद चारों आरोपियों ने डंडे और पिस्टल व तमंचे के बट से उन दोनों लोगों पर हमला कर दिया. दोनों लोगों को काफी चोटें आईं. मारपीट होते देखकर कुछ पुलिस वाले गेट की तरफ दौड़े इसके पहले ही दोनों पत्रकार किसी तरह थाने के अंदर जान बचाकर भागे. इसके बाद हमलावर सपाई भी वहां से भाग निकले. पुलिस ने पत्रकारों की तहरीर पर चारों आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 307, 323, 353 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पर अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
पत्रकारों का आरोप है कि सपा अध्यक्ष के दबाव में पुलिस लापरवाही बरत रही है इसलिए अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इस हमले से मीडियाकर्मियों में रोष है. अभी तक इस मामले में गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज दोनों पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर जानकारी दी है. मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र.
माननीय मुख्यमंत्री महोदय
उत्तर प्रदेश सरकार
लखनऊ
विषय:- थाना बण्डा जनपद शाहजहांपुर में समाचार संकलन को जा रहे दो पत्रकारों की थाना गेट पर हत्या का प्रयास। चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न किये जाने के सम्बंध में।
महोदय,
निवेदन है कि दिनांक 25 अप्रैल 2012 समय डेढ़ बजे दिन समाचार संकलन के लिए जाते वक्त पत्रकार रमेश तिवारी व पत्रकार श्रीधर श्रीवास्तव पर थाना बण्डा गेट पर पहले से घात लगाकर खड़े लल्ला सिंह पुत्र गुलफाम सिंह व गुलफाम सिंह पुत्र नामालूम निवासीगण मोहल्ला रामनगर कालोनी बण्डा, अजय मिश्रा पुत्र देवीचरन निवासी नबावपुर-पुक्खी, सोनू तिवारी पुत्र सुरेश तिवारी निवासी नरायणपुरगंगा ने तमंचों व लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर करके हत्या का प्रयास किया था। लेकिन फायर मिस हो जाने पर असलहों के बटों के प्रहार कर मारने की कोशिश की थी। जिसकी थाना हाजा पर उक्त चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 307, 323, 353, व 506 आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
माननीय महोदय, उक्त अजय मिश्रा को समाजवादी पार्टी से ब्लाक अध्यक्ष मनोनीत किया गया था और जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप पांडे स्थानीय पुलिस पर दबाब बनाकर गिरफ्तारी रोके हुए है। माननीय महोदय उक्त अजय मिश्रा के अन्य साथी बसपा कार्यकता है। और इस तरह की पूर्व में घटनाएं घटित कर पार्टी व सरकार की छवि धूमिल कर जनभावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। और उक्त लोगों की दबंगाई की वजह से पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई करने में अक्षम है। जिससे उक्त लोगों के हौसले बुलंद है। और पुलिस की परवाह न कर थाना गेट पर हत्या के प्रयास की घटना कारित की है।
महोदय, प्रार्थी 30 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़ा है और अब 50 वर्ष की उम्र पार करने पर उक्त लोगों ने सरेराह थाना गेट पर जान से मारने का दुस्साहस किया है। अतः माननीय महोदय प्रार्थी प्रार्थना पत्र के माध्यम से आपकी शरणागत है। प्रार्थी की जान की सुरक्षा आपके आसरे पर है। जीवन रक्षा के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी शाहजहांपुर को अविलम्ब निर्देशित करने की कृपा करें।
प्रार्थी सपरिवार आपका आजन्म आभारी रहेगा।
संलग्नः- समाचार पत्रों की कतरन की छाया प्रतियां
प्रार्थीगण
रमेश तिवारी पुत्र श्री खोतनलाल
निवास पूरनपुर रोड बण्डा
थाना बण्डा जनपद शाहजहांपुर
मे0- 07607736829
श्रीधर श्रीवास्तव पुत्र श्री खरगूलाल
मोहल्ला रामनगर
बण्डा शाहजहांपुर
मे0- 9451102030






