ललितपुर जिले में सहारा समय के संवाददाता दीपक सोनी पर आरोप है कि उन्होंने जिले में नजूल की भूमि पर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कराया है. इसका विरोध कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा किया जा चुका है. अब भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रदीप खटीक ने डीएम सुश्री निधि केसरवानी से इसकी शिकायत की है. अपनी शिकायत में प्रदीप ने यह भी आरोप लगाया है कि नगर पालिका के कर्मचारियों से मिली भगत कर अवैध निर्माण तो कराया ही गया सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां भी उड़ाई जा रही है.
आरोप है कि दीपक सोनी ने ललितपुर के घंटाघर के समीप बाजार मे स्थित एकमात्र सार्वजनिक मूत्रालय को तुड़वाकर दुकानों का निर्माण करा लिया है. वहीँ तालाबपुरा मोहल्ला स्थित छतदार कुंआ को नष्ट कर चारो ओर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण सहारा समय चैनल की दम पर करा लिया गया है, जबकि सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश है कि किसी भी कुंआ, तालाब, बावड़ी, तलैया के मौजूदा स्वरूप से खिलवाड़ नहीं किया जाये. अब तक इन शिकायतों पर शासन-प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है.
इन सभी आरोपों के संदर्भ में दीपक सोनी का कहना है मैंने कोई अवैध कब्जा नहीं किया है. बल्कि मैंने ये दुकान नगर पालिका से ली हुई है. मैं सन 2007 से किराएदार हूं. निर्धारित किराया जमा कराता हूं इस स्थिति में अवैध कब्जा करने का सवाल कहां पैदा होता है. उनका कहना है कि कुछ लोग निजी खुन्नस निकालने के लिए उनको बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं. आरोप लगाने वाले चाहें तो वस्तुस्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों व विभागों से भी ले सकते हैं.







