मैक्सिको सिटी। मैक्सिको के पूर्वी वेराक्रूरज प्रांत में तीन फोटोग्राफरों की हत्या कर दी गयी है। उनके शव प्लास्टिक की थैलियों में डालकर नहर के पास फेंक दिए गए थे। पिछले एक हफ्ते से भी कम समय में इस प्रकार यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक एक खोजी पत्रिका की एक संवाददाता की भी हत्या कर दी गयी थी। प्रेस की स्वतंत्रता की वकालत करने वालों ने इन हमलों के मद्देनजर सरकार से तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा है। वेराक्रूरज में पिछले एक साल में कम से कम छह वर्तमान और पूर्व संवाददाता मारे जा चुके हैं। इनमें से ज्यादातर अपराध संबंधित खबरों पर काम कर रहे थे।
कल ही हत्या से पत्रकरों में आतंक और सेंसरशिप का माहौल बन गया है। बहरहाल, समस्या केवल वेराक्रूरज प्रांत की नहीं है। मैक्सिको पत्रकारों की सुरक्षा के लिहाज से दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है। हाल के वर्षों में हजारों की संख्या में यहां पत्रकारों की हत्या और अपहरण के मामले देखने को मिले हैं। ये हमले मादक पदार्थों के माफियाओं की वसूली के खिलाफ सरकार की कार्रवाई की पृष्ठभूमि में हो रहे हैं। नवीनतम घटना बोका डेल रियो शहर की है जहां पुलिस ने कल चार लोगों का शव बरामद किया।
मृतकों में से एक की पहचान गुलिरमो लुना वरेला के रूप में की गयी है। वरेला एक समाचार वेबसाइट के फोटो पत्रकार के रूप में काम कर रहे थे। दूसरे व्यक्ति की पहचान गैब्रियल ह्यूग के रूप में की गयी है। राज्य अधिकारियों ने कहा कि तीसरे पीड़ित की पहचान एस्तेबन रोड्रिग्स के रूप में की गयी है। ये दोनों भी फोटो पत्रकार हैं। चौथे मृतक की पहचासन लुना की प्रेमिका इरासेमा बेसेरा के रूप में की गयी है। एक राहगीर द्वारा नहर के पास काले रंग की संदेहास्पद प्लास्टिक थैलियां देखने के बाद दी गयी सूचना के आधार पर शव बरामद किए गए। इससे पहले, पिछले हफ्ते मादक पदार्थों की तस्करी के बारे में लिखने वाली रेगिना मार्टिनेज नाम की संवाददाता का शव पाया गया था।





