आज छह मई को स्टार प्लस पर सुबह ग्यारह बजे से आमिर खान का बहुप्रतीक्षित शो 'सत्यमेव जयते' शुरू हो रहा है. चर्चा है कि इस शो में राजस्थान के पत्रकार श्रीपाल शक्तावत के जीवन की कहानी भी है. जानकारी के मुताबिक आमिर खान की 'सत्यमेव जयते' की टीम ने श्रीपाल शक्तावत व उनके परिवार का एक वर्षों में करीब चार बार इंटरव्यू किया. कभी डाक्यूमेंट्री के फार्म में तो कभी सवाल जवाब के रूप में, कभी अलग अलग मुद्राओं में. श्रीपाल शक्तावत से सत्यमेव जयते की टीम ने उनके द्वारा की गई सोशल स्टोरीज पर बात की.
श्रीपाल शक्तावत ने उन्हें अपनी एक स्टोरी अभागी मां के बारे में बताया जिसका प्रसारण सहारा में हुआ था. तब श्रीपाल सहारा में काम करते थे. एक महिला को उसके बच्चों ने ही कैद कर रखा था. श्रीपाल की स्टोरी के बाद उस महिला को मुक्त कराया गया. इसी तरह 23 साल की उम्र वाले एक डकैत का चैनल के स्टूडियो में सरेंडर कराने की घटना का भी जिक्र श्रीपाल ने सत्यमेव जयते की टीम से किया. इस लड़के ने 23 साल की उम्र में 24 से ज्यादा अपराध किए, मर्डर, अपहरण, जान लेने की कोशिश आदि. यह लड़का हाकी खिलाड़ी बनना चाहता था और बन गया था डकैत. श्रीपाल के पत्रकारिता के संघर्ष पर भी विस्तार से बात की गई. आमिर खान व किरण राव ने श्रीपाल को मुंबई भी बुलाया था और वहां भी उनका इंटरव्यू हुआ. करीब डेढ़ साल से आमिर की सत्यमेव जयते की टीम श्रीपाल से संपर्क में थी. कुल मिलाकर इस टीम ने श्रीपाल व उनके परिवार के लोगों को चार पर शूट किया. श्रीपाल की स्टोरीज पर टीम ने अपना इंट्रेस्ट शो किया.
श्रीपाल से टीम की जब भी मुलाकात होती, हर बार नए सवाल होते व नए फार्मेट में रिकार्डिंग होती. चर्चा है कि पहले शो की शुरुआत श्रीपाल शक्तवात से होगी. हालांकि फिलहाल आफिसियली कुछ भी नहीं बताया गया है कि सत्यमेव जयते के किस शो में श्रीपाल शक्तावत होंगे. पर जो चर्चा उड़ी है उसके मुताबिक श्रीपाल शक्तावत पर सत्यमेव जयते का पहला शो होगा. श्रीपाल के फेसबुक प्रोफाइल पर भी इस शो को लेकर चर्चा है.
संजय कटारिया नामक सज्जन Shripal Shaktawat के फेसबुक वॉल पर लिखते हैं- ''बॉलीवुड में आमिर खान और पत्रकारिता में श्रीपाल शक्तावत… दो दिग्गज… एक अभिनय के रूप में दूसरों की जिन्दगी जीकर उसका दर्द महसूस करता है, तो दूसरा उस जिन्दगी से रुबरू होकर कलम के जरिये उस दर्द की आंच का रेखाचित्र खींचता है…समाज को/जीवन को/ समाज के जीवन को जीवंत बनाये रखने में मिशन की तरह जुटे है ये दोनों…और ये मिलकर साथ-साथ रंग भरेंगे तो केनवास पर सत्यमेव जयते ही बनेगा…इसके अलावा कुछ नहीं…आप दोनों की जय हो…सार्थक साबित होगा सत्यमेव जयते…अरसे बाद बार बार बोलने को मन कर रहा है…सत्यमेव जयते…सत्यमेव जयते…सत्यमेव जयते…सत्यमेव जयते…''
Ashok Choudhary ने Shripal Shaktawat के वॉल पर यह पोस्ट किया है- ''We are proud of you Shripal ji that you have kept your integrity intact and did something without compromising. Its an honour for Rajasthan that the Amir show begins with you. Looking forward to watch the show if the electricity department permits ! shubhkamnaen.''

श्रीपाल शक्तावत, उनकी पत्नी और बच्चे
www.rajasthannews1.wordpress.com नामक ब्लाग पर मुंबई डेटलाइन से यह पोस्ट प्रकाशित की गई है… ''मि.परफेक्शनिस्ट के रूप में विख्यात बोलीवुड के सुपर स्टार आमिर खान मायानगरी की चकाचौंध का हिस्सा होने के बावजूद सामाजिक सरोकारों से जुडे रहकर जीवन के अर्थ ढूंढते रहे हैं। यही ललक उन्हें औरों से अलग व बेहद खास बनाती है। पहली बार छोटे परदे से जुड रहे आमीर अपने पहले टीवी शो ‘सत्यमेव जयते’ की स्क्रीनिंग आज सुबह 11 बजे करेंगे जो दूरदर्शन और स्टार प्लस पर एक ही समय देखा जा सकता है। इस शो में भी वे अपने चिरपरिचित अन्दाज में देश के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों की मिट्टी से सीधे जुडकर संवाद कायम करने जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक आमिर अपने इस शो की शुरुआत राजस्थान के एक जाने-माने मीडियाकर्मी के ऊपर आधारित कहानी से करने वाले हैं, जो कि राजस्थान और राजस्थान वासियों के लिए एक गौरव की बात है। शो के पहले एपीसोड की स्क्रीनिंग के लिए आमिर ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के ज्यादातर उन गांवों को चुना जिनकी आबादी लगभग दो हजार से भी कम है। और इन गांवो में महज 11 फीसदी घरों में ही टीवी सेट मौजूद है। आमिर स्क्रीनिंग के लिए कानपुर के समीपवर्ती क्षेत्र खानपुरवा गांव, लखनऊ के लालपुर सरौता और गोरखपुर के मानीराम गांव में गए। इसी तरह आमीर द्वारा टीवी शो के लिए गुजरात के चेपा, मध्य प्रदेश के झुंकर और महाराष्ट्र के भिंगाड़ा और काहुपट्टा गांव का भी चयन किया गया। आमिर खान और उनका शो प्रसारित करने वाले चैनल डीडी नेशनल और स्टार प्लस की एक ही परिकल्पना थी कि इस शो के जरिए देश के उन गांवों के लोगों को इस कार्यक्रम से रू-ब-रू करवाया जाए जो आज भी शहरी इलाकों से दूरी बनाए हुए हैं। जिसके चलते ही उन्होंने गांवों में शो की स्क्रीनिंग की योजना बनाई। सत्यमेव जयते वैसे भी भारत का ध्येय वाक्य है और इस शो में ध्येय वाक्य के अनुरूप ही देश की संस्कृति और रहन सहन पर फोकस किया जा रहा है। आमिर का ये शो आज की युवा पीढी के मर्म को छूकर उन्हें सही रास्ता दिखाने व उनका दृष्टिकोण सकारात्मक बनाते हुए उर्जा का सम्यक उपयोग करने की प्रेरणा देने में कारगर साबित होगा। यह टीवी शो रविवार सुबह 11 बजे स्टार प्लस और दूरदर्शन पर एक साथ प्रसारित किया जाएगा। इस शो की खास बात ये रहेगी कि ये शो हिंदी के अन्य भारतीय भाषाओं में भी दिखाया जाएगा। स्टार इंडिया की मार्केटिंग और संचार प्रमुख गायत्री यादव का इस बारे में कहना है कि इस शो से देश के आम लोगों का सरोकार है। आमिर ने शो की शूटिंग के दौरान देश के सुदूरवर्ती गांवों की यात्रा कर वहां के लोगों से मुलाकात की। आमिर शो को ज्यादा से ज्यादा गांव के लोगों को तक पहुंचाना चाहते हैं। अगर पहली स्क्रीनिंग के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया अच्छी रही, तो अगला एपीसोड भी उन्हें दिखाएंगे। बहरहाल, सत्यमेव जयते शो के अंतर्गत बॉलिवुड के मि.परफेक्शनिस्ट आमिर खान और राजस्थान के इस प्रखर अतुलनीय जाने-माने मीडियाकर्मी का ये पहला एपिसोड राजस्थान के लोगो में खासी चर्चा का विषय बना हुआ है। आमिर ने अपने शो के पहले एपिसोड के लिए राजस्थान के जिस जाने-माने मीडियाकर्मी को चुना है, उसे जानने के लिए आप भी देखिए आज सुबह 11 बजे स्टार प्लस और DD-1 पर सत्यमेव जयते''





