: बस्ती से आशुतोष गोरखपुर बुलाए गए : वीरेंद्र यादव बस्ती एवं जितेंद्र बने देवरिया के प्रभारी : जनसंदेश टाइम्स, देवरिया से खबर है कि सिद्धार्थमणि त्रिपाठी ने इस्तीफा दे दिया है. साथ ही उन्होंने देवरिया ब्यूरो ऑफिस में ताला भी जड़ दिया है. प्रबंधन के आदेश पर जब सलेमपुर से जितेद्र उपाध्याय चार्ज लेने देवरिया पहुंचे तो कार्यालय में ताला लगा मिला. बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ पर कुछ गबन के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें गोरखपुर अटैच कर दिया गया था, लेकिन उन्होंने ज्वाइन करने की बजाय इस्तीफा दे दिया. इस संदर्भ में सिद्धार्थमणि का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया परन्तु उन्होंने कॉल पिक नहीं किया.
सिद्धार्थ के साथ बस्ती के ब्यूरोचीफ आशुतोष मिश्रा को भी गोरखपुर अटैच किया गया था. उन्होंने रविवार को गोरखपुर में ज्वाइन कर लिया है. आशुतोष की जगह वीरेंद्र यादव को बस्ती का नया प्रभारी बनाया गया है. वीरेंद्र अब तक बस्ती में सेकेंड मैन के रूप में काम कर रहे थे. सलेमपुर से देवरिया गए जितेंद्र उपाध्याय की जगह अभी किसी की नियुक्ति नहीं की गई है. पूरे प्रकरण पर आधिकारिक वर्जन लेने के लिए शैलेंद्र मणि त्रिपाठी को फोन किया गया पर उनका फोन आउट आफ कवरेज एरिया बताता रहा.





