अंग्रेजी अख़बार "द पायोनियर" को तगड़ा झटका लगा है. अख़बार के दो सीनियर पत्रकारों सिद्धार्थ मिश्र और कंचन गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया है. दोनों अख़बार के एसोसियट एडिटर थे. सिद्धार्थ मिश्र दिल्ली में सिटी रिपोर्टिंग के इंचार्ज थे और साथ में द पायोनियर के चंडीगढ़, देहरादून और रांची एडिशन के प्रभारी थे. कंचन गुप्ता अख़बार के एडिटोरियल पेज के प्रभारी थे. दोनों अख़बार के मालिक-संपादक चन्दन मित्रा के काफी करीब माने जाते थे. सिद्धार्थ मिश्र लगभग 18 सालों से पायोनियर से जुड़े थे जबकि कंचन भी लगभग एक दशक से पायोनियर में काम कर रहे थे. इन दोनों का इस समय जाना पायोनियर के लिया घातक साबित हो सकता है.
अख़बार की माली हालात वाइस प्रेसिडेंट दरबार गांगुली के जाने के बाद से ही ख़राब चल रही है. गांगुली ने अपना नया अख़बार – मिल्लेनियम पोस्ट – इसी महीने लांच किया है और पायोनियर के दिल्ली और लखनऊ कार्यालय से लगभग पूरी मार्केटिंग और सर्कुलेसन टीम उनके साथ जुड़ गई है. ऐसा माना जा रहा है कि सिद्धार्थ मिश्र और कंचन गुप्ता भी जल्द ही गांगुली को ज्वाइन करेंगे. सिद्धार्थ मिश्र के जाने से पायोनियर के चंडीगढ़, देहरादून और रांची एडिशन पर भी संकट के बादल छा गए हैं. माना जा रहा है कि इन जगहों से भी पायोनियर के पत्रकार जल्द ही अख़बार से इस्तीफा देंगे. हाल के दिनों में पायोनियर से लगभग दो दर्जन पत्रकारों ने इस्तीफा दिया है लेकिन इनकी जगह पर नई भर्ती नहीं की गई है. पत्रकारों को इस साल इन्क्रीमेंट भी नहीं दिया गया. पायोनियर अख़बार के साथ साथ ग्रुप द्वारा निकली जाने वाली रेल बंधु समेत अन्य पत्रिकाएं भी भारी घाटे में चल रही हैं. आने वाले दिनों में पायोनियर में और उथल पुथल मचने की संभावना है.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





