मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा के दौरान मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट के आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि 29 मार्च 2012 को सहसपुरी के एक इंटर कालेज में कुछ पत्रकार कवरेज के लिए पहुंचे थे। पत्रकारों को इस कालेज में नकल की शिकायत मिली थी। मीडियाकर्मी जब इसकी कवरेज कर रहे थे तो कॉलेज के कई शिक्षक मीडियाकर्मियों पर टूट पड़े। इस हमले में कई पत्रकार घायल हो गए थे।
हमलावर शिक्षकों ने मीडियाकर्मियों के कैमरे भी तोड़ दिए थे। पत्रकारों ने इस मामले में डिलारी थाने में शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया था, जहां कोर्ट ने इन्हें जेल भेज दिया था। इस मामले ने शिक्षा विभाग का माहौल भी गर्म कर दिया था। जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश पर कॉलेज के प्रबंधक अनूप सिंह यादव ने किसान शिक्षा निकेतन इंटर कालेज सहसपुरी के सहायक अध्यापक धर्मेद्र सिंह को निलंबित कर दिया है।





