आगरा में अब सी एक्सप्रेस समूह व परिवहन मंत्री राजा अरिदमन सिंह के बीच कांटे की लड़ाई खुलकर सामने आने लगी है. इसकी झलक आज सुबह परिवहन मंत्री की प्रेस वार्ता में देखने को मिली, जब सी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के लिए सी समूह का एक पत्रकार परिवहन मंत्री राजा अरिदमन सिंह के इंटरव्यू के लिए गया तब परिवहन मंत्री ने स्पष्ट तौर पर पत्रकार से कह दिया कि मैं तुम्हें बाइट नहीं दूंगा, क्योंकि तुम्हारे मालिक ब्लैक मेल करते हैं. इसके साथ-साथ परिवहन मंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि मेरी तुम से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. तुम कभी भी मेरे घर पर आ जाना.
बताया गया है कि सी एक्सप्रेस के मालिकान अब राजा अरिदमन सिंह के सामने घुटने टेक चुके हैं और किसी भी तरह राजा अरिदमन सिंह को मनाने की तैयारी चल रही है, जिससे कैसे भी अरिदमन सिंह के कोप से बचा जा सके. इसके लिए बार-बार ठाकुर पत्रकारों को भेजा जा रहा है, जिससे सजातीय होने के नाते महाराज से बचा जा सके. गौरतलब है कि अभी हाल में ही सी एक्सप्रेस समूह के मालिकन पर बिजली चोरी के मामले में हुई कार्रवाई में परिवहन मंत्री का नाम सामने आया था, जिसमें सी समूह के मालिकान जेल जाते-जाते बचे थे.
इस घटना के साथ-साथ अब जी समूह पर भी प्रश्न चिन्ह लगता जा रहा हैं क्योंकि अभी तक सी समूह से जी समूह ने अपना काम वापिस नहीं लिया है, जबकि यह बात जी समूह के मालिकान तक पहुँच गयी है. बताया जा रहा है कि चूंकि वाशिन्द्र मिश्र के आगरा आगमन पर जैन बंधु उनकी बेहतरीन सेवा करते हैं, इसलिए जी समूह का काम अभी सी समूह से नहीं लिया गया है. बरहाल उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री का गुस्सा अभी ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा हैं और सी समूह के मालिकन कैसे भी इस जुगत में हैं कि कैसे भी साम-दाम-दंड-भेद से महाराज अरिदमन को शांत किया जा सके, परन्तु महाराज अरिदमन अब खुलकर सी एक्सप्रेस समूह के मालिकान को चोर व ब्लैकमेलर की संज्ञा देते नज़र आ रहे हैं.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





