‘हिमाचल दस्तक’ के बाद अब हिमाचल प्रदेश में एक और दैनिक अखबार ‘एनकाउंटर’ का पर्दापण होने वाला है। जालंधर (पंजाब) से प्रकाशित हिंदी दैनिक 'एनकाउंटर’ के हिमाचल प्रदेश संस्करण की लाँचिंग जून में हो जाएगी। राजधानी शिमला में ‘एनकाउंटर’ का कार्यालय खुल गया है और लगभग सभी जिला मुख्यालयों में कार्यालय खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
'एनकाउंटर’’ के मुख्य संपादक कमल अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश भर में संवाददाताओं की नियुक्तियां की जा रही हैं। मई के अंतिम सप्ताह तक सभी जिला मुख्यालयों में ब्यूरो प्रमुख और सभी उपमण्डलों में संवाददाताओं की नियुक्तियों को अमलीजामा पहना दिया जाएगा। प्रदेश में कुछ जिलों में ब्यूरो प्रमुखों की तैनाती कर दी गई है।
बता दें कि ‘एनकाउंटर’ की पिछले साल अप्रैल माह में हिमाचल प्रदेश में लाँचिंग की योजना थी, लेकिन प्रबंधन ने पहले अपना प्रिंटिंग प्रेस स्थापित करने का निर्णय लिया। लगभग डेढ़ करोड़ का प्रिंटिग प्रेस स्थापित करने का निर्णय लिया। प्रेस अब स्थापित हो चुका है, जिस पर ‘एनकाउंटर’ का पंजाब संस्करण प्रकाशित हो रहा है। फिलहाल ‘एनकाउंटर’ के हिमाचल प्रदेश संस्करण के लिए अनुभवी संपादक की तलाश की जा रही है, जो हिमाचल प्रदेश से ही ताल्लुक रखता हो।
वरिष्ठ पत्रकार कृष्णभानु, विजय पुरी, सुशील कुमार और राजीव पत्थरिया के नामों की चर्चा संपादक पद के लिए है। पहली पसंद कृष्ण भानु की बताई जा रही है, लेकिन वे इन दिनों एक न्यूज चैनल ‘हिमाचल आजकल’ में प्रधान संपादक के पद पर हैं। चैनल प्रदेश में चल निकला है और आधा-आधा घण्टे के पांच स्लॉट प्रदेश की खबरों के चल रहे हैं। चैनल कम समय में बहुत तेजी के साथ लोकप्रिय होने लगा है। इसलिए उम्मीद नहीं है कि वे चैनल छोड़कर फिर से कोई अखबार ज्वाइन करेंगे। अब देखना यह है कि बाकी बचे तीन धुरंधर पत्रकारों में से कौन ‘एनकाउंटर’ की बागडोर सम्भालता है।





