दिल्ली से प्रकाशित होने वाला साप्ताहिक अखबार 'दिल्ली अबतक' अपने विस्तार की रणनीति पर काम कर रहा है. प्रबंधन इसका विस्तार अब दिल्ली से बाहर उत्तराखंड में करने जा रहा है. जल्द ही अखबार का प्रकाशन देहरादून से होने लगेगा. देहरादून में क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया जा रहा है. पिछले लगभग डेढ़ दशक से इस अखबार का प्रकाशन दिल्ली से किया जा रहा है. 12 पेज के इस पूर्ण रूप से रंगीन साप्ताहिक का विस्तार उत्तराखंड के बाद अन्य हिंदी भाषी राज्यों में भी किया जाएगा.
आगरा समेत कई शहरों से प्रकाशित होने वाले दैनिक अखबार कल्पतरु एक्सप्रेस की लांचिंग जल्द ही लखनऊ से किए जाने की तैयारी चल रही है. लखनऊ के अलावा इस अखबार को दिल्ली भोपाल और जयपुर से भी प्रकाशित किए जाने की योजना है. इन शहरों में भी अखबार के लांचिंग की तैयारियां चल रही हैं. हालांकि अखबार के लांचिंग की शुरुआत लखनऊ से की जाएगी, इसके बाद ही इसे दूसरे शहरों में लांच किया जाएगा. अखबार का मूल्य दो रुपये निर्धारित किया गया है. अखबार का प्रकाशन सोलह पेज में किया जाएगा साथ ही पाठकों को कुछ सप्लीमेंट भी उपलब्ध कराए जाएंगे.





