वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।। पहले माना जा रहा था कि ट्राई के नए प्रमुख की नियुक्ति से पहले सरकार किसी कार्यवाहक प्रमुख की नियुक्ति कर सकती है। राहुल का कार्यकाल तीन साल का होगा। यूटी कैडर के 1975 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी खुल्लर जेएस सरमा का स्थान लेंगे। खुल्लर ने बोस्टन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की है।
ट्राई के निवर्तमान चेयरमैन सरमा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सामान्य परिस्थिति में खुल्लर बतौर वाणिज्य सचिव अगले साल सेवानिवृत्त होने जा रहे थे। खुल्लर को अगले साल अप्रैल में सेवानिवृत्त होना था लेकिन नए पद पर उनका कार्यकाल मई 2015 तक रहेगा। खुल्लर ऐसे समय में ट्राई के प्रमुख का पद संभालने जा रहे हैं जब दूरसंचार संचालकों ने स्पेक्ट्रम नीलामी पर नियामक की सिफारिशों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। स्पेक्ट्रम की नीलामी 31 अगस्त से पहले होनी है। सर्वोच्च न्यायालय जनवरी 2008 में तत्कालीन दूरसंचार मंत्री ए राजा के कार्यकाल में 122 2जी स्पेक्ट्रम लाइसेंस आवंटन को रद्द कर चुका है और इसके बाद एस टेल और एतिसलात डीबी भारतीय दूरसंचार कारोबार से बाहर निकलने का फैसला कर चुकी है।
ट्राई ने स्पेक्ट्रम के आधार मूल्य में भारी बढ़ोतरी का सुझाव दिया है और न्यायालय के निर्देश के मुताबिक स्पेक्ट्रम की नीलामी 31 अगस्त से पहले की जानी है। खुल्लर 1991-93 के बीच वह तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह के निजी सचिव थे। इसके अलावा वे वर्ष 1985 से 1990 के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय में भी काम कर चुके हैं। खुल्लर बाद में एशियाई विकास बैंक के साथ जुड़ गए और वहां से लौटने के बाद दिल्ली सरकार में शामिल हुए। यहां पर उन्होंने बिक्री कर आयुक्त के पद पर रहते हुए मूल्य वर्द्धित कर के लागू किए जाने का काम संभाला।





