सैन फ्रांसिस्को : संकट से घिरी इंटरनेट कंपनी याहू इंक के सीईओ स्कॉट थॉम्पसन फर्जी डिग्री के आरोपों की बलि चढ़ गए। इस अमेरिकी कंपनी में तीन साल में यह तीसरे सीईओ की विदाई है। याहू की प्रमुख शेयरधारक फर्म थर्ड प्वाइंट की कमान संभालने वाले डेनियल लोएब तो स्कॉट के पीछे हाथ धोकर पड़ गए थे। दस दिन पहले उन्होंने संगीन आरोप लगाते हुए कहा था कि स्कॉट के पास कंप्यूटर साइंस की डिग्री नहीं है। उन्होंने फर्जी डिग्री बनवा रखी है। ऐसे सीईओ का एक मिनट भी पद पर रहना कंपनी के हित में नहीं है।
स्कॉट ने रविवार को पद से इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल कंपनी के मीडिया प्रमुख रॉस लेविनसन को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है। याहू ने भी माना है कि थॉम्पसन के बायोडाटा में गड़बड़ी थी। स्कॉट इससे पहले पेपॉल (ऑनलाइन भुगतान कंपनी) के सीईओ थे। याहू में आने के बाद खर्च कटौती योजना के तहत उन्होंने दो हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। थॉम्पसन के जाने से लोएब की शक्तियां और बढ़ गई हैं। उनकी फर्म थर्ड प्वाइंट को याहू के बोर्ड की चार सीटों में से तीन मिल गई हैं। लोएब काफी समय से बोर्ड के पुनर्गठन की मांग उठा रहे थे। चार महीने में ही स्कॉट की विदाई से याहू के भविष्य पर सवाल खड़ा हो गया है। उसे दिग्गज सर्च इंजन गूगल और सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किग साइट फेसबुक जैसी कंपनियों से भीषण प्रतिस्पर्धा का सामना कर पड़ रहा है। (एजेंसी)





