: प्रबंधन ने सौंपी भोपाल समेत कई यूनिटों के लांचिंग की जिम्मेदारी : मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार गीत दीक्षित के बारे में खबर है कि उन्होंने पीपुल्स समाचार से इस्तीफा दे दिया है. कुछ दिन पहले ही गीत ने प्रदेश टुडे, भोपाल से इस्तीफा देकर इंदौर में पीपुल्स समाचार के यूनिट हेड एवं पॉलिटिकल हेड के रूप में ज्वाइन किया था. उन्होंने अब अपनी पारी जन जन जागरण के साथ शुरू की है. उन्हें अखबार का एक्जीक्यूटिव एडिटर बनाया गया है. वे झांसी के साथ भोपाल के संपादक भी होंगे. अपने दो दशक के करियर में गीत कई अखबारों में संपादक का दायित्व निभा चुके हैं.
एमपी की पत्रकारिता एवं राजनीति में समान पकड़ रखने वाले गीत क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी भी हैं. स्वदेश से करियर की शुरुआत
करने वाले गीत दीक्षित इसके बाद नवभारत, जबलपुर को भी अपनी सेवाएं दी. इसके बाद वे भोपाल में दैनिक जागरण से जुड़ गए. अग्निवाण के इंचार्ज एडिटर रहे. पीपुल्स समाचार में भोपाल तथा जबलपुर के संपादक का दायित्व निभाया. राज एक्सप्रेस में भी जबलपुर और इंदौर में संपादक रहते हुए उन्होंने अखबार को एक अलग पहचान दी. गीत दीक्षित एमपी की सीएम रहीं उमा भारती के मीडिया सलाहकार भी रहे. उमा भारती के भाजश पार्टी के मीडिया प्रभारी का दायित्व भी निभाया. वह भोपाल में पत्रकारों के क्रिकेट टीम के कैप्टन भी रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने के लिए इन्हें लगभग डेढ़ दर्जन पुरस्कार भी मिल चुके हैं.
जन जन जागरण पिछले सत्रह सालों से झांसी से प्रकाशित होता चला आ रहा है. अब प्रबंधन इस अखबार के विस्तार के साथ खुद को मीडिया हाउस के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है. इसी योजना के तहत झांसी के बाद भोपाल में अखबार की लांचिंग की जा रही है. इसके बाद अखबार को इंदौर, दिल्ली और लखनऊ से भी लांच किया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि प्रबंधन ने सभी यूनिटों के लांचिंग की जिम्मेदारी गीत दीक्षित को सौंपी है.





