सहारा मीडिया मे उठापटक का दौर लंबे समय से जारी है. उपेंद्र राय के ग्लोबल हेड बनाये जाने के बाद उनके करीबियों को लगातार निपटाया जा रहा है. इसी सिलसिले मे नई गाज गिरी है उपेंद्र राय के करीबी दुर्गेश उपाध्याय पर. दुर्गेश सहारा समय में एसाइनमेंट हेड के बतौर काम देख रहे थे. दुर्गेश की जगह एसाइनमेंट की कमान सौंपी गई है योगेश दुबे को. योगेश दुबे सहारा मीडिया से करीब दो दशक से जुड़े हुये हैं. वे राष्ट्रीय सहारा अखबार के कानपुर में प्रमुख संवाददाता रह चुके हैं.
योगेश दुबे को साल 2003 में सहारा समय न्यूज चैनल (उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड) की ओपनिंग के दौरान कानपुर ब्यूरो प्रमुख की कमान सौंपी गई थी. इसके बाद सहारा में तरक्की देकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सहारा समय का ब्यूरो प्रमुख बनाया गया. उपेंद्र राय के कार्यकाल में उन्हें नोएडा आफिस से अटैच कर दिया गया. योगेश दुबे उसी समय से दुर्गेश उपाध्याय को रिपोर्ट किया करते थे. एसाइनमेंट हेड की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद योगेश अब सीधे सहारा मीडिया के हेड स्वतंत्र मिश्रा को रिपोर्ट करेंगे.
एक अन्य जानकारी के अनुसार सहारा मीडिया में अनुभवी माने जाने वाले ब्रजेश कुमार मधुकर को तरक्की देकर योगेश दुबे के बाद दूसरे नंबर पर ला दिया गया है. मधुकर शुरुआती दौर में सहारा समय उत्तर प्रदेश में दोपहर के शिफ्ट इंचार्ज हुआ करते थे. उपेंद्र राय के कार्यकाल में उन्हें समय चैनल से अटैच कर दिया गया था. मधुकर के पुराने अनुभवों को देखते हुये चैनल हेड स्वतंत्र मिश्रा ने उन्हें एसाइनमेंट में सैकेंड मैन बना दिया है. इस तरह योगेश दुबे और मधुकर मिलजुल कर एसाइनमेंट को मैनेज करेंगे.





