हाजीपुर से खबर है कि स्थानीय चुनाव में एक प्रत्याशी के संग मारपीट कर रहे लोगों का विजुअल कवर करने वाले एक न्यूज चैनल के पत्रकार को भी पीट दिया गया. प्रत्याशी की शिकायत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. इस घटना से पत्रकारों में भी रोष व्याप्त है. उन्होंने पत्रकार पर हमला करने वाले आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
हाजीपुर में गुरुवार को वार्ड नम्बर दो के लिए चुनाव हो रहा था. इसी दौरान एक प्रत्याशी सुबोध कुमार जब मत डालकर मतदान केंद्र से बाहर निकले तो उन पर ब्रह्मदेव भगत एवं उनके कई समर्थकों ने अचानक हमला बोल दिया. वहीं पर मौजूद एक क्षेत्रीय चैनल के पत्रकार संजीत कुमार उर्फ मोती इस घटना को कवर करने लगे. इससे नाराज ब्रह्मदेव भगत के समर्थकों ने मोती पर भी हमला कर दिया. इस हमले में मोती को चोटें आई हैं. बाद में प्रत्याशी सुबोध की शिकायत पर पुलिस ने ब्रह्मदेव समेत आठ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.






