देश भर के 14 लॉ विश्वविद्यालयों में ऐडमिशन के लिए आयोजित कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) में सिलेबस से बाहर के सवाल पूछे जाने को लेकर छात्रों ने रविवार को इंडिया गेट पर हल्ला बोलने का फैसला किया है। मजे की बात ये है कि ये सारे छात्र फेसबुक के जरिए इकट्ठा हुए हैं। फेसबुक पर इन छात्रों ने प्रोटेस्ट अगेन्स्ट क्लैट नाम की प्रोफाइल बनाई है। इस पर 2200 से ज्यादा छात्रों ने अपना नाम दर्ज करवा लिया है। देश के अलग अलग जगहों से चलकर ये सभी छात्र दिल्ली पहुंच रहे हैं और रविवार को इंडिया गेट पर इकट्ठा होंगे।
क्लैट की प्रवेश परीक्षा 13 मई को हुई थी। इसमें लीगल और जीके के सवालों का जो स्तर था, वो चौंकाने वाला था। अखबारों में इसको लेकर खबरें भी छपीं। इंट्रेंस एक्जाम के पेपर को लेकर छात्रों का गुस्सा उबल पड़ा। इन लोगों ने फेसबुक पर प्रोटेस्ट अगेंस्ट क्लैट नाम की प्रोफाइल बनाई और फेसबुक पर जमावड़ा होने लगा। एक के बाद एक करते हुए इनकी तादाद 2200 तक पहुंच गई। इन छात्रों ने तय किया है कि इंडिया गेट पर प्रदर्शन करने के बात ये इस परीक्षा के आयोजकों के खिलाफ जनहित याचिका भी दायर करेंगे। इस आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं अनुचित पाठक, अंकुश मिश्रा, विवेक अरुण मिश्रा और अभिषेक सिंधिया।





