: मेरठ यूनिट में तबादलों की सुगबुगाहट शुरू : दैनिक जागरण समूह में दस फीसदी छंटनी की खबर से पूरे ग्रुप के पत्रकारों में हड़कम्प मचा हुआ है. हालांकि प्रबंधन सीधी छंटनी नहीं कर रहा है. बल्कि तबादला करके इस तरह का माहौल पैदा किया जा रहा है कि वे खुद ही इस्तीफा देकर संस्थान का काम हल्का कर दें. बनारस यूनिट में कुछ इसी तरह का शस्त्र इस्तेमाल किया गया और कई लोगों ने इस्तीफा दे दिया. अब खबर है कि इसी तबादले की जद में अब मेरठ यूनिट भी आने वाला है.
हालांकि सूत्रों का कहना है कि यहां ओवर स्टाफ नहीं हैं, इसलिए स्थानीय मैनेजमेंट नोएडा को इसकी जानकारी भी दे चुका है. फिर भी पूरे समूह से दस प्रतिशत लोगों को बाहर करने की योजना के तहत यहां से कई लोगों का तबादला दूसरी यूनिटों में या दूर-दराज यूनिटों में किया जाएगा. जो जाना चाहेंगे वो नौकरी करेंगे और जो छोड़ना चाहेंगे वो छंटनी की जद में आ जाएंगे. यानी समूह सीधे किसी को नहीं निकालेगा. खबर है कि मेरठ यूनिट में भी इस बार इसी तरह की कवायद की जा रही है.
उल्लेखनीय है कि मेरठ में इसके पहले भी 21 लोगों का तबादला दूसरी यूनिटों में किया गया था, जिसमें से मात्र तीन लोगों ने ही दूसरी यूनिटों में ज्वाइन किया, बाकी डेढ़ दर्जन लोगों ने इस्तीफा दे दिया. प्रबंधन को छंटनी के नाम पर कोई पापड़ भी नहीं बेलना पड़ा और 18 लोगों से मुक्ति मिल गई. प्रबंधन इस बार भी इसी तरह की योजना तैयार कर रहा है. कई लोगों की लिस्ट बना ली गई है, जिनका तबादला दूसरी यूनिटों में किया जाएगा.
Related News- jagran chhatni






