खबर है कि नई दुनिया, रायपुर के स्थानीय संपादक रवि भोई ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा प्रबंधन को 18 मई को भेज दिया. 1984 में देशबंधु रायपुर से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले रवि भोई शुरुआत में बिजनेस रिपोर्टर रहे. बाद में 1989 से 1984 तक देशबंधु भोपाल में राजनीतिक एवं प्रशासनिक रिपोर्टर व मुख्य संवाददाता के रूप में दायित्व संभाला. 1995 से 96 तक राष्ट्रीय हिंदी मेल भोपाल में विशेष संवाददाता रहे. सितंबर 1996 में दैनिक भास्कर भोपाल में प्रशासनिक और राजनीतिक रिपोर्टर के रूप में जुड़े.
छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद दिसंबर 2000 में ब्यूरो चीफ बनाकर उन्हें रायपुर भेजा गया. दैनिक भास्कर रायपुर में मुख्य संवाददाता और समाचार संपादक के रूप
में 2005 तक काम किया. रायपुर में राजनीतिक रिपोर्टर रहते 2002 में अजीत जोगी द्वारा भाजपा के 12 विधायकों के दल-बदल की खबर चार दिन पहले प्रकाशित कर राजनीतिक हलकों में तहलका मचा दिया था. 2005 में दैनिक भास्कर बिलासपुर का संपादकीय प्रभारी बनाया गया. इसके बाद जुलाई 2006 में नईदुनिया से जुड़े और रायपुर संस्करण की शुरुआत की.
नईदुनिया में रायपुर और बिलासपुर दोनों संस्करण का प्रभार इन्होंने संभाला. रवि नई शुरुआत कहां और किस रूप में करने जा रहे हैं, यह पता नहीं चल पाया है. ज्ञात हो कि भास्कर से इस्तीफा देकर श्रवण गर्ग ने जबसे नई दुनिया का प्रधान संपादक पद संभाला है, तबसे नई दुनिया में हर जगह इस्तीफे और बदलाव का दौर शुरू हो चुका है.






