दिल्ली के कीर्तिनगर से संचालित जनता टीवी के खिलाफ उत्तराखण्ड के स्ट्रिंगर चंदन झा ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने जनता टीवी की शिकायत की है. बताया जाता है कि शिकायत को संज्ञान लेने हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जनता टीवी को ब्लैक लिस्ट करने संबंधी अनुरोध के बारे में आवशयक छानबीन हेतु निर्देश सूचना एवं प्रशासन विभाग उत्तराखण्ड देहरादून को दिया है
पिछले दिनों जनता टीवी प्रबंधन द्वारा देहरादून के स्ट्रिंगर चंदन कुमार झा पर मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें उन पर पैसे हड़पने के आरोप लगाए गए थे. इससे आक्रोशित चंदन ने चैनल की शिकायत शासन से की. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री की तरफ से इस संदर्भ में सूचना महानिदेशक को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया गया है.
उधर, चंदन झा ने जनता टीवी की शिकायत लेबर डिपार्टमेंट में भी की है. शिकायत को संज्ञान लेते हुए उत्तराखण्ड गढ़वाल मंडल के उपश्रम आयुक्त की ओर से जनता टीवी के थानेश्वर शर्मा को नोटिस भेजकर 30/ 5 /2012 को 11 बजे सुबह सभी आफिसियल दस्तावेजों के साथ हाजिर होने का आदेश दिया है. थानेश्वर शर्मा एवं गुरविंदर सिंह के उपर देहरादून के पत्रकार चंदन कुमार झा के द्वारा भेजी गई शिकायती पत्र को संज्ञान में लेते हुए नोटिस जारी की गयी है. चंदन ने अपने खिलाफ जनता टीवी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद बदले के तहत विभिन्न जगहों पर जनता टीवी के खिलाफ शिकायतें दर्ज करा रहे हैं. वे मुख्यमंत्री एवं डी.जी.पी से भी चैनल की शिकायत कर चुते हैं.
इस संदर्भ में जनता टीवी के वीपी गुरविंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. जनता टीवी को ब्लैक लिस्ट नहीं किया जा रहा है बल्कि प्रबंधन ने जिन पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, उनकी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने प्रोटोकाल के तहत जांच के निर्देश दिए हैं. इसमें ब्लैक लिस्टेड करने जैसी कोई बात नहीं है. इस तरह की बात चैनल का पैसा हड़पने वाले लोग कर रहे हैं.






