यूपी के सीएम अखिलेश यादव घायल होने से बाल बाल बच गए. गिरती गेहूं की बोरियों से बचने के लिए अखिलेश यादव को दौड़ लगानी पड़ी अन्यथा उन्हें चोट लग सकती थी. अखिलेश यादव शुक्रवार को अचानक उन्नाव पहुंच गए. वहां पहुंचने के बाद वे गेहूं खरीद केंद्र गए तथा आवश्यक जानकारी लेने लगे. अखिलेश के गेहूं खरीद केंद्र पहुंचने की सूचना मिलने पर काफी संख्या में लोग वहां पहुंच गए तथा सीएम को नजदीक से देखने की कोशिश करने लगे.
मौके पर मौजूद पुलिस ने भी लापरवाही बरतती रही. वो भीड़ को हटाने की कोशिश नहीं की, जिसके चलते लोग अखिलेश यादव को देखने के लिए खरीद केंद्र पर रखी गई बोरियों को ऊपर चढ़ गए. इसी बीच अचानक ग्रामीणों के वजन से गेहूं भरी बोरियां उपर से भरभराकर नीचे गिरने लगीं. कुछ बोरियां निरीक्षण कर रहे अखिलेश यादव के बगल में भी गिरी. इसके बाद एक के बाद एक कई बोरियां सरक कर नीचे आने लगीं. अचानक इस घटना से भौचक्क अखिलेश यादव अपने बॉडीगार्डों के साथ लगभग भागते हुए वहां से बाहर निकले. उन्हें चोट नहीं आई, परन्तु अगर बोरियां अखिलेश यादव के ऊपर गिरी होतीं तो हादसा हो सकता था. बाद में पुलिस ने लोगों को हटाकर अखिलेश यादव की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किया.





