यूपी में पत्रकारों पर हमले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। शाहजहांपुर में भी आज एक पत्रकार पर हमला किया गया। हमला करने वाला व्यक्ति भी कथित तौर पर पत्रकार है तथा खबरें छपने से नाराज था। हमलावर ने पत्रकार को धमकी भी दी कि यदि खबरें लिखना बंद नहीं करोगे तो तुम्हे जान से भी हाथ धोना पड़ेगा। घटना का शिकार हुए पत्रकार ने मामले की तहरीर सीओ सिटी को दे दी है। एसपी को भी इस घटना की जानकारी दी दी गई है। सीओ ने कोतवाल को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले पत्रकार जगेंद्र सिंह ने किन्नर नैना हत्याकांड की बखिया उधेड़ी थी। इस हत्याकांड में दलाली करने वाले तथाकथित पत्रकार नेता का नाम भी उजागर होने लगा था। पता यह चला कि किन्नर नैना की हत्या की भूमिका भी इसी पत्रकार ने बनाई थी। बाद में उसने पुलिस से मोटी डील कराकर मामले को रफादफा कराने का प्रयास किया, लेकिन खबरों के कारण मामला बढ़ गया। इस बात से तथाकथित पत्रकार नेता और उसके साथी दलाल नाराज थे। गत दिवस सट्टा पर खबर छपी तो दोनों और नाराज हो गए। सट्टा की खबर में इस बात का उल्लेख था कि कुछ दलाल टाइप पत्रकार सट्टा किंग से ‘थैली’ लेते हैं। इस खबर के प्रकाशित होने के अगले ही दिन 26 मई की सुबह पत्रकार जगेंद्र सिंह को रास्ते में रोककर धमकी दी गई। कहा गया कि शहर छोड़कर चले जाओ, वरना मारे जाओगे।
जगेंद्र सिंह ने उसी शाम बिना किसी का नाम लिए इस बात को अपनी फेसबुक आइडी ‘शाहजहांपुर समाचार’ पर पोस्ट कर दिया। आज सुबह जगेंद्र सिंह जब समाचार कवरेज के लिए जिला अस्पताल जा रहे थे तो रास्ते में शहर कोतवाली के अंतर्गत मंडी में एक तथाकथित पत्रकार राजीव गुप्ता ने जगेंद्र सिंह को घेर लिया और जान से मार देने की धमकी देते हुए मारपीट की। घटना के बाद जगेंद्र सिंह थाने गए और कोतवाल नरेंद्र सिंह को सारी घटना बताई। इसी बीच मारपीट करने वाला राजीव गुप्ता भी अपने कई साथियों के साथ आ गया और कोतवाल पर दबाव बनाकर रिपोर्ट नहीं लिखने दी। जिस पर जगेंद्र सिंह ने सीओ सिटी राजेश्वर सिंह को प्रार्थनापत्र दिया। सीओ ने कोतवाल को मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। तहरीर में बताया गया है कि राजीव गुप्ता खुद को सात लोगों का हत्यारा बताकर और सचिवालय तक पकड़ होने की बात कहकर लोगों व अधिकारियों पर रौब डालता है।
शाहजहांपुर से सौरभ दीक्षित की रिपोर्ट.





