हिंदी भाषा सहित 12 क्षेत्रीय भाषाओं में अपनी सेवाएं दे रही हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी में पिछले छह महीने में चार संपादक आये और गये। डा. अमित जैन की जगह अब नवभारत टाइम्स के पूर्व सम्पादक हेमंत विश्नोई को समाचार एजेंसी का कार्यकारी संपादक बनाया गया है। विश्नोई चार जून से अपना कार्यभार संभालेंगे। लेकिन संपादकों के आने और जाने की सुपरफास्ट गति से नहीं लगता है कि विश्नोई साहब भी बहुत दिनों तक टिक पाएंगे।
खैर, जो भी हो, यह तो समय ही बताएगा लेकिन भारत की एक मात्र बहुभाषी समाचार एजेंसी में सम्पादकों का आना, और शीघ्रता से अपने पद से रुखसत हो जाने का सिलसिला ठीक नहीं लगता। खबर है कि विश्नोई के आने की खबर से संपादकीय टीम में काफी उत्साह है। वहीं डॉ. अमित जैन के हटने से मार्केटिंग टीम काफी निराश हो गयी है। हिन्दुस्थान समाचार ने इसके पहले दैनिक जागरण, लखनऊ के डेस्क समन्वयक रामप्रकाश त्रिपाठी को संपादक बनाया था, जो यहां तीन महीने से अधिक नहीं टिक पाए। इस बीच एजेंसी ने मैनेजर के रूप में कार्य कर रहे डा. अमित जैन को भी यह जिम्मेदारी दी लेकिन वो भी जल्द ही चलते बने। वैसे हिन्दुस्थान समाचार इन दिनों देश भर में अपने नए स्वरूप के साथ पुन: उभरने के लिए प्रयासरत है। लेकिन सम्पादकों के आने और जाने की तेज गति से एजेंसी कितना उभर सकेगी, अल्ला जाने।






