किशनगढ़ में मुख्य चौराहे पर अवैध निर्माण की सूचना पर कवरेज करने गए मीडिया कर्मियों के साथ रविवार दोपहर को चार-पांच युवकों ने बदसलूकी करते हुए मारपीट की। मारपीट के दौरान युवकों ने मीडिया कर्मियों का कैमरा तोड़ दिया और गले से सोने की चेन छीन ली। मौके पर मौजूद लोगों ने मीडिया कर्मियों को युवकों के चंगुल से बचाया। मौका देखकर युवक फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मुख्य चौराहे पर स्थित बाम्बे साइकिल वाले की दुकान के निकट अतिक्रमण की सूचना मिलने पर रविवार दोपहर 3.30 बजे के लगभग एक टीवी चैनल का मीडिया कर्मी इंद्रजीत उबाना व एक अन्य प्रेस फोटोग्राफर शंकर पुरी मौके पर कवरेज करने के लिए पहुंचे थे। जहां हाउसिंग बोर्ड निवासी नरेंद्र सिंधी व उसके चार अन्य साथियों ने दोनों को घेर लिया और हाथ से कैमरा छीन कर धक्का-मुक्की कर बदसलूकी कर दी। मीडियाकर्मियों के विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों को अंदर कमरे में ले जाकर मारपीट कर गले से सोने की चेन छीनकर कैमरा तोड़ दिया।
बाद में चारों युवक फिर से कमरे में लाठी-सरिये लेकर मीडियाकर्मियों पर टूट पड़े। मारपीट में दोनों पत्रकारों के चेहरे, सिर व पीठ पर गंभीर चोटें आई। लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को हमलावर युवकों से छुड़ाया। मीडियाकर्मियों ने हमलावर युवकों पर जान से मारने व पुलिस में कार्रवाई करने पर देख लेने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद आरोपी युवक अन्य साथियों के साथ जीप में बैठकर फरार हो गया। सूचना पर एएसआई औंकार सिंह मय जाब्ता घटना स्थल पर पहुंचे। घायल मीडियाकर्मियों का अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने नरेंद्र सिंधी सहित चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। (भास्कर)






