देर से मिली सूचना के अनुसार अमर उजाला, मुजफ्फरनगर से खबर है कि ब्रिजेश चौहान का तबादला फिरोजाबाद के लिए कर दिया गया है. वे मुजफ्फरनगर के ब्यूराचीफ थे. फिरोजाबाद में भी उन्हें यही जिम्मेदारी दी गई है. चीफ सब एडिटर ब्रिजेश लगभग एक दशक से अमर उजाला को अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वे लम्बे समय से मेरठ यूनिट के बागपत, सहारनपुर आदि जिलों में ब्यूरोचीफ रह चुके हैं. ब्रिजेश की गिनती अमर उजाला के तेजतर्रार पत्रकारों में की जाती है.
राष्ट्रीय सहारा, रायबरेली से खबर है कि बालेंदु मिश्रा की वापसी हो गई है. बालेंदु को अखबार का ब्यूरोचीफ बनाया गया है. वे इसके पहले भी रायबरेली में राष्ट्रीय सहारा के ब्यूरोचीफ की भूमिका निभा रहे थे, परन्तु आंतरिक विवाद के बाद उन्होंने सहारा छोड़ दिया था, जिसके बाद सहारा के सेंकेंड प्रभारी राजेंद्र सिंह को अखबार की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी. इस बीच राजेंद्र भी राष्ट्रीय सहारा से इस्तीफा देकर श्रीटाइम्स से जुड़ गए थे, जिसके बाद ब्यूरोचीफ का पद खाली चल रहा था. अखबार के गिरते सर्कुलेशन से परेशान प्रबंधन ने बालेंदु को वापस लाकर फिर एक बार अपना भरोसा जताया है. बालेंदु ने कार्यभार संभाल लिया है.





