नई दिल्ली। भारतीय मीडिया की आलोचना को लेकर सुर्खियों में रहे प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मार्कंडेय काटजू ने पाकिस्तानी मीडिया पर प्यार उड़ेला है। उन्होंने कट्टरपंथी और अलगाववादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष में पाकिस्तानी मीडिया की कुर्बानियों एवं ऐतिहासिक भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतें उनके समाज को अंधे युग में खींच रही थीं।
सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति काटजू ने मुंबई से कराची गए भारतीय प्रेस के प्रतिनिधि मंडल के माध्यम से प्रेस काउंसिल ऑफ पाकिस्तान को रविवार को भेजे शुभकामना संदेश में यह बात कही है। पाकिस्तान के प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के नाम भेजे इस संदेश में काटजू ने कहा है कि तमाम परेशानियों के बावजूद कुल मिलाकर पाकिस्तानी मीडिया समाज के प्रति अपने कर्तव्य का सम्मानपूर्वक निर्वाह कर रहा है। लोगों को कुर्बानियों की बदौलत भारतीय उपमहाद्वीप सामंती युग से आंशिक तौर पर बाहर आया है।
भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में ऐसे प्रतिक्रियावादी तत्व हैं जो हमारे समाज को वापस उसी सामंती अंधे युग में ढकेल देना चाहते हैं। जो भी आवाम के लिए समृद्ध और सम्मानित जीवन चाहते हैं उन सभी लोगों का दायित्व है कि वे इस प्रतिक्रियावादी रुझान का विरोध करें। उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद एवं विश्वास है कि पाकिस्तानी मीडिया लोगों के बेहतर जीवन के संघर्ष में इसी तरह सम्मानपूर्वक सेवा करना जारी रखेगा जैसे अब तक करता रहा है।' साभार : दैनिक जागरण





