सीएनईबी न्यूज चैनल से खबर है कि एक जून को एक महीने का नोटिस पूरा होते ही प्रबंधन ने सभी को कार्यमुक्त कर दिया है. लगभग ढाई सौ कर्मचारियों को प्रबंधन ने चेक दे दिया है. इसके साथ ही सीएनईबी से छंटनी का काम खतम हो गया. इस दौरान किसी ने भी विरोध नहीं किया. सभी अपने-अपने हिस्से का पैसा लेकर दूसरा ठिकाना ढूंढने निकल पड़े. इसके साथ यह भी साबित हो गया कि यह दौर आगे भी जारी रहने वाला है, क्योंकि मीडियाकर्मी पत्रकार हित की लड़ाई लड़ने की बजाय इन मौकों पर चेक लेकर खिसक लेते हैं और मालिकान जब चाहे तब इनकी ऐसी की तैसी करते रहते हैं.
सबसे मुश्किल यह है कि इस कठिन परिस्थितियों में ढाई सौ लोगों का बेरोजगार होना एक बड़ा सवाल है. तमाम छंटनियों के बीच इन लोगों को नया ठिकाना मिलना आसान नहीं होगा. इसके साथ ही सीएनईबी के न्यूज चैनल से हटकर इंटरटेनमेंट चैनल बनने का रास्ता भी साफ हो गया. पहले ही कयास लगाया जा रहा है कि चैनल को ऐसे मोड पर छोड दिया जाएगा जहां लागत कम हो और आमदनी ज्यादा. फिलहाल चैनल पर सुबह शाम गुरुद्वारे का लाइव प्रसारण होता है. लिहाजा इसके धार्मिक चैनल के रूप में भी तब्दील किए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं.





