रेवाड़ी : शहर थाना पुलिस ने एक पत्रकार की शिकायत पर हरियाणा जनहित काग्रेस के नेता पूर्व मंत्री डा. धर्मवीर के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पूर्व मंत्री द्वारा धमकी दिए जाने के मामले में शुक्रवार को शहर के पत्रकार एएसपी बलवान सिंह राणा से भी मिले तथा पत्रकार को सुरक्षा देने व दर्ज किए गए मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।
एक हिंदी अखबार के पत्रकार महेन्द्र छाबड़ा ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया है कि एक खबर के संबंध में बृहस्पतिवार सुबह उसे पूर्व मंत्री डा. धर्मबीर का फोन आया। पूर्व मंत्री ने खबर के संदर्भ में बात की तथा उस का खंडन करने को लेकर उससे अभद्रता की। पत्रकार ने जब उनसे उचित ढंग से बात करने को कहा तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पत्रकार ने पूर्व मंत्री की बातचीत को रिकार्ड भी कर लिया है, जिसमें उसे जान से मारने की बात कही गई है।





