नोएडा : नया नवेला चैनल 'समाचार प्लस' आजकल दूसरे चैनलों को एक के बाद एक ज़ोर के झटके दे रहा है। ईटीवी, आईबीएन7 और स्टार न्यूज़ छोड़ कर कल ही कई लोग समाचार प्लस के साथ जुड़े थे और आज इसी कड़ी में इंडिया न्यूज़ तथा न्यूज़ एक्सप्रेस का नाम भी जुड़ गया है। इंडिया न्यूज़ बिहार-झारखंड में सीनियर पोज़ीशन पर कार्यरत राज हरितवाल और दुष्यंत सिंह ने संस्थान को टाटा-बाय-बाय बोल दिया। दोनों ने समाचार प्लस के साथ नई पारी शुरू की है। इन्हे न्यूज़ ऑपरेशन्स की महती ज़िम्मेदारी दी गई है। राज और दुष्यंत पिछले 10 वर्षों से ज्यादा वक्त से मीडिया में सक्रिय हैं और इसके पहले ईटीवी, वीओआई में काम कर चुके हैं।
न्यूज़ एक्सप्रेस से भी एक बड़ा नाम समाचार प्लस के साथ जुड़ा है। ये हैं एंकर-प्रोड्यूसर अमित रावत। मूलरूप से उत्तराखंड के पौड़ी के रहने वाले अमित रावत ईटीवी में लगातार 6 वर्षों तक दमदार एंकरिंग करने के बाद न्यूज़ एक्सप्रेस आए थे। मगर ज्वानिंग के बाद उन्हें बताया गया कि इन्हे एंकरिंग नहीं दी जाएगी। इसके चलते अमित रावत बेहद नाराज़ चल रहे थे और इसीलिए इन्होंने खुद को समाचार प्लस के साथ जोड़ लिया। अमित रावत अब समाचार प्लस की स्क्रीन पर दमदार एंकरिंग करते नज़र आएंगे और आउटपुट में सुबह की शिफ्ट की ज़िम्मेदारी भी संभालेंगे। कुल मिलाकर, समाचार प्लस इन दिनों हॉट-केक बना हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में ये चैनल रीज़नल मार्केट में अपनी असरदार उपस्थिति दर्ज़ करवाने में कामयाब होगा।

राज

अमित

दुष्यंत





