दनकौर : दनकौर कोतवाली के नवादा गांव में भाइयों के बीच जमीनी विवाद की खबर छापने से नाराज एक व्यक्ति ने पत्रकार पर उस समय जानलेवा हमला बोल दिया, जब वह सुबह की सैर करने खेतों पर गया था। पत्रकार के शोर मचाने पर हमलावर भाग निकले। पत्रकार पर हमले की खबर मिलते ही लोग कोतवाली में जमा हो गए और कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार से मिलकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नवादा गांव निवासी विवेक नागर ने तहरीर दी कि सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे वह अपने खेतों पर घूमने गया था। तभी गांव का जयकिशन उसके पास आया और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान जयकिशन ने तमंचे से गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। उसने वहां से गांव की तरफ भागकर अपनी जान बचाई। भागते समय उसने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण उधर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख हमलावर भाग निकला। विवेक ने बताया कि जयकिशन का अपने भाई से जमीनी विवाद था, जिसकी एक सप्ताह पहले थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। भाइयों में जमीनी विवाद की खबर छपने पर जयकिशन ने रंजिशन उस पर हमला किया। साभार : जागरण






