नई दिल्ली : दूरदर्शन के लिए कई शॉर्ट फिल्में और डॉक्यूमेंट्री बना चुके वरिष्ठ कैमरामैन अमरजीत सिंह ने सिद्धार्थ एंक्लेव स्थित अपने कार्यालय में खुदकुशी कर ली। सिंह ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी में गोली मार ली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का भी अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दक्षिण-पूर्वी जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय चौधरी के मुताबिक कार्यालय से कोई सामान गायब नहीं है, लिहाजा यह लूट या चोरी जैसी किसी वारदात में हुई हत्या नहीं है।
जानकारी के अनुसार अमरजीत सिंह (70 वर्ष) सनलाइट कालोनी थाना क्षेत्र में स्थित सिद्धार्थ एंक्लेव में रहते थे। यहां उनके चार फ्लैट हैं, जिनमें तीन नंबर फ्लैट को उन्होंने आफिस बनाया हुआ था। इनके परिवार में पत्नी, चार बेटे व एक बेटी है। चार बेटों में दो मुंबई व दो विदेश में रहते हैं। फिलहाल वह सिद्धार्थ एंक्लेव में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी बेटे के पास मुंबई गई हुई थी। अमरजीत सिंह ने दूरदर्शन से सेवानिवृत्त होने के बाद सीने इंडिया प्रोडक्शन हाउस खोला था। वह किराए पर शूटिंग का सामान देते थे। अभी वे राज्यसभा चैनल से भी जुड़े हुए थे।
पुलिस के मुताबिक इन्होंने सोमवार को लक्ष्मीनगर स्थित हथियारों के डीलर से 10 कारतूस लिए थे। मंगलवार की सुबह करीब पौने आठ बजे वह आफिस पहुंचे और उन्होंने खुद को गोली मार ली। एक गोली चलने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े। आवाज सुनने के बाद परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो खून से लथपथ पडे़ थे। मौके से पुलिस को तलाशी के दौरान कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है। इसलिए फिलहाल खुदकुशी के कारणों की गुत्थी उलझी हुई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ में जुटी है। बताया जाता है कि अमरजीत सिंह कई हिंदी फिल्मों में बतौर कैमरामैन रह चुके हैं।





