: सचिवालय एनेक्सी के मीडिया सेंटर में पत्रकारों की करतूत : लखनऊ : राजधानी के पत्रकारों की साख के सितारे अब खासे गर्दिश में दिखने लगे हैं। हेमंत तिवारी कांड से पत्रकार अभी उबर ही नहीं पाये थे कि पत्रकारों में भी हंगामा हो गया। घटना मुख्यमंत्री कार्यालय स्थित एनेक्सी के मीडिया सेंटर में हुई। बताते हैं कि यहां के दो मठाधीशनुमा पत्रकारों में जमकर झड़प हुई और मारपीट की नौबत तक आ गयी। लेकिन करीब आधे घंटे तक इन दोनों ने एक-दूसरे का वह भद्दी-भद्दी गालियां दीं कि सुनने वालों के कानों के पर्दे गरम हो गए। बताते हैं कि इस हादसे का घटनाक्रम समझने की कोशिश में पंचम तल के अफसर तक पूछताछ में जुटे रहे।
एनेक्सी भवन में बीते शाम हुई इस घटना ने पत्रकारों की असलियत को सरेआम नंगा कर दिया है। घटनाक्रम के अनुसार मीडिया सेंटर में एडीजी-लॉ एंड ऑर्डर की प्रेस ब्रीफिंग हो रही थी कि अचानक मीडिया सेंटर में शोर-हुल्लड सुनायी लगा। यह हंगामा देखने कर ब्रीफिंग हॉल और आसपास मौजूद पत्रकार समेत एनेक्सी के कई कर्मचारी-अधिकारी मीडिया सेंटर की ओर पता चला कि सच्चिदानंद गुप्ता उर्फ सच्चे और प्रभात त्रिपाठी के बीच गाली-गलौज चल रही थी। आवाज बा-बुलंद थी।
पता चला कि यह विवाद इन पत्रकारों में चल रही दलाली को लेकर चल रही थी। प्रभात त्रिपाठी का आरोप था कि सच्चे दलाली करते हैं और अपनी इस दलाली के लिए पत्रकारिता छोड़कर जनहित याचिका का इस्तेमाल करते हैं। प्रभात के आरोपों के अनुसार सच्चे ने कई राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं से बड़ी रकम उगाही है। प्रभात का आरोप था कि ऐसे दलालों की कलई उतारने के लिए अब भी जनहित याचिका दायर कर इस धंधे पत्रकारों-अफसरों के गठजोड़ का खुलासा करायेंगे।
जबकि सच्चे का आरोप था कि प्रभात का धंधा ही दलाली और लोगों से जबरिया उगाही करना है। आरोप है कि गोमतीनगर में एक प्रेस लगाकर प्रभात दलाली का धंधा कर रहे हैं। उनका आरोप था कि अवाम की आवाज होने के बजाय प्रभात ने प्रेस के मकान मालिक का पांच साल का किराया दबा रखा है और आवाज उठाने पर प्रभात उसे गुंडई और मंत्रियों-अफसरों की धौंस दिखाते हैं।
बहरहाल, इन आरोपों के बीच ही बात इतनी भड़क गयी कि प्रभात और सच्चे एक दूसरे को गालियां देते हुए परस्पर मारने-पीटने

पर आमादा हो गये। मीडिया सेंटर का दरवाजा खुला होने के चलते पूरे एनेक्सी बाहर हंगामे की खबर पहुंच गयी। वह तो वहां मौजूद सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग-अलग कराया, अन्यथा बात और भी बिगड़ जाती। बहरहाल, इन दोनों ने एक-दूसरे को तबाह-बर्बाद करने की धमकी तो दे ही दी है।
लखनऊ से कुमार सौवीर की रिपोर्ट. कुमार सौवीर यूपी के जाने माने पत्रकार हैं. दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, हिंदुस्तान, महुआ, एसटीवी समेत कई अखबारों और चैनलों में वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं. सौवीर अपने बेबाक बयानों और दमदार लेखन के लिए जाने जाते हैं. उनसे संपर्क [email protected] और 09415302520 के जरिए किया जा सकता है.