इन दिनों मीडियाकर्मियों पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. ताजी सूचना साधना न्यूज, दिल्ली से है. पता चला है कि एक बिल्डर ने अपने गुंडों के जरिए साधना न्यूज के रिपोर्टर व कैमरामैन को जमकर पिटवाया. पुलिस इस प्रकरण में लीपापोती में लगी हुई है और गुंडे खुलेआम घूम रहे हैं. दरअसल साधना न्यूज ने बिल्डरों के हाथों ठगे गए लोगों की शिकायतों को संज्ञान लेकर एक सीरिज का प्रसारण शुरू किया. चैनल के प्रधान संपादक एनके सिंह के पास कुछ बुजुर्ग लोग बिल्डरों द्वारा ठगे जाने की शिकायत व दस्तावेज लेकर पहुंचे थे.
ऐसी कई शिकायतों को देखते हुए एनके सिंह ने इस मसले पर सीरिज चलाने का फैसला लिया और रिपोर्टरों व कैमरामैनों को संबंधित बिल्डरों से बाइट लेने व पूरे मामले को इनवेस्टीगेट करने को भेजा. इसी क्रम में गाजियाबाद स्थित क्रासली रिपब्लिक के बिल्डरों के पास रिपोर्टर व कैमरामैन पहुंचे. इस बिल्डर के खिलाफ कई शिकायतें चैनल के संपादक से की गई थी. बिल्डर के गुंडों ने खुद को फंसता देख चैनल के कैमरामैन व रिपोर्टर को धमकाना व पीटना शुरू कर दिया. पूरे प्रकरण की जानकारी जब गाजियाबाद पुलिस को दी गई तो पुलिस ने लीपापोती का प्रयास शुरू कर दिया. हमलावर अब भी खुलेआम घूम रहे हैं.





