जाने माने युवा कवि और साहित्यकार हरे प्रकाश उपाध्याय को लखनऊ रास नहीं आ रहा. दिल्ली में कादंबिनी से इस्तीफा देने के बाद वे जनसंदेश टाइम्स हिंदी दैनिक से फीचर एडिटर के बतौर जुड़े. वहां शुरू में सब कुछ ठीक चलता रहा पर बाद में जब हालात खराब होने लगे तो हरे प्रकाश उपाध्याय ने अपने प्रधान संपादक डा. सुभाष राय के साथ इस्तीफा दे दिया. हरे प्रकाश उपाध्याय ने उसके बाद फीचर एडिटर के ही पद पर लखनऊ से प्रकाशित हिंदी दैनिक डेली न्यूज एक्टिविस्ट में ज्वाइन कर लिया.
करीब पांच माह काम करने के बाद हरे प्रकाश ने यहां से भी इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने प्रबंधन को जो इस्तीफा भेजा है, उसमें उन्होंने कहा है कि अखबार में अब जैसी परिस्थितियां बनी हैं या शुरू से ही बनती चली गई हैं, उसमें उनके लिए इस नौकरी को निभा पाना संभव नहीं लग रहा. हरे प्रकाश क्या नया करेंगे, यह पता नहीं चल पाया है. हरे प्रकाश के इस्तीफा के बाद कयास लगाया जा रहा है कि देर सबेर अखबार के प्रधान संपादक डा. सुभाष राय भी इस्तीफा दे सकते हैं.





