हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के परागपुर से छप रहे दैनिक समाचार पत्र हिम जन आवाज की सांसे महीने भर में ही फूलने लगी है। जिससे मैनेजमेंट के आगे गंभीर आर्थिक संकट उठ खड़ा हुआ है। अखबार अब बिकने को तैयार है। जैसे तैसे इस महीने की सैलरी का इंतजाम तो हो गया, लेकिन लगता है अगले महीने के लिये राशन पानी की चिंता अभी से होने लगी है। यही वजह है कि अब हिम जन आवाज को एक इलाके के शराब ठेकेदार के हाथों बेचने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में सभी औपचारिकतायें पूरी हो चुकी हैं। महज घोषणा की औपचारिकता बाकी रह गई है।
दरअसल हिम जन आवाज का भठ्ठा बिठाने में संपादक ने ही पूरी भूमिका निभाई। आज अखबार चोरी की खबरों से अटा पड़ा है। वहीं दफ्तर से लेकर फिल्ड तक जरूरत से ज्यादा स्टाफ रख लिया गया व उन्हें भारी वेतनमान के सब्जबाग दिखाये गये। बाजार में पेपर तो उतार दिया गया, लेकिन कंटेट वही कट पेस्ट, जिससे बाजार में हिम जन आवाज पूरी तरह पिट गया। हालात बिगड़ते देख मेनेजमेंट ने अब शराब ठेकेदार संजय राणा के सुपुर्द इसे करने का फैसला ले लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शराब व्यापारी संजय राणा हिम जन आवाज में तीन करोड़ का निवेश करेंगे। व नये सिरे से इसमें जान फूंकेंगे, ताकि आने वाले चुनावों में इसका कोई फायदा लिया जा सके। इसके लिये तय शर्तों के तहत कुछ भुगतान हो चुका है बाकी अगले सप्ताह हो जायेगा।