फोकस टीवी और हमार टीवी का हाल बेहाल है. मतंग सिंह वाले पाजिटिव मीडिया ग्रुप के इन चैनलों की हालत अब निगेटिव में तब्दील हो गई है. पिछले तीन दिनों से नोएडा में बिजली की तगड़ी कटौती हो रही है और फोकस टीवी व हमार टीवी का खुद का जनरेटर खराब हो गया है. ऐसे में तीन दिनों से सभी कर्मचारी बिना एसी के बैठ रहे हैं. कल एचआर ने पूरे स्टाफ को घर जाने को कह दिया और कल से अपनी शिफ्ट में आने को कहा. इन चैनलों में अब गिने चुने कर्मचारी बचे हैं.
उधर, पटना ब्यूरो आफिस, जो कभी काफी बड़ा दफ्तर हुआ करता था, में मतंग सिंह के भाई कमला सिंह कहते रहते हैं कि चैनल रीलांच होने वाला है. सब सही हो जाएगा… ऐसे झूठे सपने दिखाने वाले कमला जब भी पटना आते हैं, ट्रक में आफिस का सामान लदवाकर दरभंगा चले जाते हैं. बताते हैं कि चैनल के एकाउंट पर बैंक का कब्जा हो गया है क्योंकि इन लोगों ने जो कर्ज बैंक से लिया था, उसे जमा नहीं किया और बैंक वालों ने मुकदमा कोर्ट में डालकर इनके एकाउंट पर कब्जा कर लिया है.
पटना आफिस के इंप्लाइज को अभी तक फरवरी महीने की सेलरी नहीं मिली है. कमला सिंह शान शौकत के साथ घूमते हैं, महंगी महंगी कारों में चलते हैं पर उनके कर्मी कई माह से सेलरी के लिए तड़प रहे हैं. ऐसे में पटना आफिस में कभी भी कुछ भी हो सकता है. यहां तक कि कमला पर गमला भी फेंका जा सकता है. उनसे अपील है कि वे अपने इंप्लाइज की सेलरी रिलीज करें या फिर झेलने को तैयार रहें.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





