न्यूज एक्सप्रेस चैनल, हम वतन अखबार और साईं प्रसाद मीडिया एकेडमी संचालित करने वाली साईं प्रसाद ग्रुप की मीडिया कंपनी साईं प्रसाद मीडिया में बड़े पैमाने पर करप्शन की खबरें सामने आ रही हैं. इसके चलते ग्रुप सीईओ एसएल श्रीवास्तव पर गाज गिरा दी गई है. उनकी जगह नया सीईओ ग्रुप वाइस प्रेसीडेंट संजय राय को बनाए जाने की सूचना है. सूत्रों के मुताबिक भ्रष्टाचार के छींटे कई और लोगों पर भी पड़ रहे हैं. प्रबंधन पूरे मामले की जांच करा रहा है. अगले आदेश तक मीडिया का सारा कामधाम देखने के लिए शशांक भापकर अधिकृत किए गए हैं.
साईं प्रसाद ग्रुप के चेयरमैन बाला साहब भापकर ने एक पत्र जारी कर अपने सुपुत्र शशांक भापकर को साईं प्रसाद मीडिया का मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करते हुए उन्हें मीडिया का सारा कामधाम देखने के लिए अधिकृत किया. इसके बाद शशांक भापकर ने खुद एक पत्र जारी करते हुए नियुक्ति, बर्खास्तगी, वित्तीय समेत सारे अधिकार खुद के हाथ में होने की बात बताते हुए सभी विभागाध्यक्षों को खुद को रिपोर्ट करने के लिए कहा. सूत्रों के मुताबिक इन बड़े बदलावों के पीछे असल मसला करप्शन का है. आरोप है कि डिस्ट्रीब्यूशन से लेकर खरीद, स्थापना, सेलरी आदि मदों में करोड़ों की हेराफेरी की गई है. इसकी शिकायत चैनल व अखबार के कई वरिष्ठ लोगों ने पुणे स्थित साईं प्रसाद ग्रुप के कर्ताधर्ताओं से की थी.
पिछले दिनों चैनल के वरिष्ठ पत्रकार कुमार राकेश ने भी पुणे जाकर पूरे मसले की जानकारी दी थी. इसी के बाद कुमार राकेश को मुकेश कुमार ने टर्मिनेट किए जाने की घोषणा की. पर सूत्रों का कहना है कि साईं प्रसाद ग्रुप ने कुमार राकेश को अब तक हटाने की घोषणा नहीं की है. मतलब साफ है. कुमार राकेश मूल कंपनी के साथ बने हुए हैं, फिलहाल मीडिया वाले आफिस में नहीं आ रहे हैं. बताया जाता है कि प्रबंधन ने जब ग्रुप सीईओ एसएल श्रीवास्तव से घपलों घोटालों की बाबत पूछताछ की तो उन्होंने इस्तीफा देने में भलाई समझा.
मुकेश कुमार को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं बातें सामने आ रही हैं. इस बारे में जब भड़ास4मीडिया ने मुकेश कुमार से संपर्क साधने की कोशिश की तो उनका मोबाइल स्विच आफ मिला. बाद में संपर्क होने पर मुकेश कुमार ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा है. कुछ लोग निहित स्वार्थों के कारण तरह तरह की अफवाह उड़ा रहे हैं जिसमें दम नहीं है. उन्होंने अपने उपर किसी भी तरह का आरोप लगने से इनकार किया और बताया कि जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.






