दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़)। दो दिन पहले की बात है किरन्दुल में महाकौशल दैनिक समाचार पत्र के एजेंट ने यहां मिश्रा कैम्प के मोहल्लेवासियों को आधी रात यह कहकर धमकाया कि पत्रकार हूं, क्या बिगाड़ लोगे। मोहेल्लेवासियों ने भी पत्रकारिता का धौंस दिखाने वाले इस एजेंट के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अगले दिन पहुंच गए थाने। आम लोगों के दबाव के चलते पुलिस को भी पत्रकार का धौंस दिखाने वाले एजेंट को थाने बुलवाना पड़ा। काफी गहमा-गहमी के बाद दोनों पक्षों में सुलह के बाद मामला जाकर शांत पड़ा।
किरन्दुल में यह कोई नई बात नहीं है। दलाली करने यहां बतौर अखबारों के एजेंट पत्रकारिता का धौंस दिखा अवैध उगाही में मशगूल रहते हैं। नतीजा यह कि ईमानदारी से अपना काम कर रहे पत्रकारों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। दो साल पहले भी दंतेवाड़ा से किरन्दुल धरना-चक्काजाम को कवरेज करने गए पत्रकारों के साथ किरन्दुल के ठेकेदारों द्वारा बदसलूकी की गई थी। पत्रकारों पर अवैध उगाही का आरोप भी लगा था।





