बरेली में होटल डिप्लोमेट में आई-नेक्स्ट के चुनावी कार्यक्रम ओपेन फोरम के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों द्वारा किए गए हमले को लेकर जो कुछ बातें सामने आ रही हैं उनमें एक पेड न्यूज व चुनावी पैकेज की मांग भी है. मेयर पद के कांग्रेस प्रत्याशी अमजद सलीम ने भड़ास4मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उनसे एक मीडियाकर्मी ने छह लाख रुपये की मांग की चुनावी कवरेज के लिए. उन्होंने खुद को गरीब आदमी बताते हुए इतनी रकम देने से इनकार कर दिया. इस पर उस मीडियाकर्मी ने कहा- 'तो फिर डाक्टर ने कहा है आपको चुनाव लड़ने के लिए.' अमजद सलीम के मुताबिक उन्होंने उसे बताया कि लोकतंत्र में गरीब अमीर सभी के लिए चुनाव लड़ने का बराबर का अधिकार है.
तब उस मीडियाकर्मी ने उन्हें प्रस्ताव दिया कि वे दूसरे मेयर पद के प्रत्याशी तोमर के पक्ष में चुनाव से हट जाएं और बदले में पचास लाख रुपये और गोवा के टूर का पैकेज ले लें. अमजद ने खुद को बिकाउ न बताते हुए इस प्रस्ताव से भी इनकार किया तो उस मीडियाकर्मी ने कहा कि फिर आप ओपेन फोरम कार्यक्रम में नहीं बोल पाएंगे. कांग्रेस प्रत्याशी अमजद सलीम का कहना है कि उन्हें वाकई ओपेन फोरम में नहीं बोलने दिया गया. हमला करने के सवाल पर उन्होंने इस घटना से इनकार किया. उन्होंने कहा कि जिस प्रत्याशी तोमर के पक्ष में बैठने को उन्हें कहा जा रहा था, उनके लोगों ने मेरे व मेरे समर्थकों के साथ बदतमीजी की. बाद में उन्हीं तोमर के लोगों ने आई-नेक्स्ट वालों पर हमला करके नाम हम लोगों को जोड़ दिया. अमजद सलीम ने कहा कि पेड न्यूज करने और चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करने को लेकर वह आई-नेक्स्ट के लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं.





