दैनिक भास्कर प्रबंधन ने अपने नेशनल ब्यूरो और दिल्ली आफिस में छंटनी की शुरुआत कर दी है. इसके तहत दूरदराज तबादले की रणनीति बनाई गई है. नेशनल ब्यूरो के ब्यूरो चीफ व पोलिटिकल एडिटर संजय सिंह, नेशनल ब्यूरो में कार्यरत शिशिर सोनी, स्पेशल इनवेस्टिगेटिंग एडिटर अभिषेक उपाध्याय, एक्जीक्यूटिव एडिटर आलोक भदौरिया, अरुण श्रीवास्तव का तबादला अलग अलग प्रदेशों के जिलों में कर दिया गया है. संजय सिंह का तबादला रायपुर किया गया है. आलोक भदौरिया को भटिंडा भेजा गया है. शिशिर सोनी को पाली भेज दिया गया है. अभिषेक उपाध्याय को राजस्थान के किसी जिले में भेजा गया है.
जाहिर है, ये लोग जिलों में जाकर ज्वाइन तो करने वाले नहीं. नतीजन इस्तीफा देना ही एकमात्र रास्ता होगा. बिजनेस भास्कर के पांच रिपोर्टरों से इस्तीफा ले लिया गया है. दैनिक भास्कर के दिल्ली लोकल रिपोर्टिंग से कई लोगों का इस्तीफा व ट्रांसफर हुआ है. संगीता बनर्जी, बलराम सिंह और अशरफ काजमी का तबादला कर दिया गया है. संगीता के बारे में सूचना है कि इन्होंने इस्तीफा दे दिया है जबकि बलराम सिंह को फरीदाबाद भेजा गया है. अशरफ काजमी का भी तबादला कर दिया गया है. नेशनल ब्यूरो के लोगों का तबादला आदेश एचआर डिपार्टमेंट ने पंद्रह जून को जारी किया. उसके अगले दिन बिजनेस भास्कर के लोगों का इस्तीफा लिया गया. फिर कल लोकल ब्यूरो के पत्रकारों को ट्रांसफर का आदेश पकड़ाया गया. शेष बचे लोग भी आशंकित हैं कि कहीं उनका नंबर न आ जाए. तीन दिनों में दर्जन भर लोगों का तबादला इस्तीफा होने से भास्कर के दिल्ली आफिस में हड़कंप मचा हुआ है.





