गाजीपुर रोडवेज परिसर में मंगलवार की शाम करीब सवा छह बजे गोरखपुर से बनारस जा रही काशी डिपो की बस के चालक-परिचालक ने साथियों के साथ मिलकर गोरखपुर के पत्रकार पत्रकार अजय पांडेय के साथ मारपीट कर लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक बस लेकर वाराणसी के लिए भाग निकला। इस मामले में पीड़ित पत्रकार की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।
गाजीपुर के सुहवल निवासी श्याम नारायण पांडेय के पुत्र पत्रकार अजय पांडेय अमर उजाला, गोरखपुर में कार्यरत हैं। छुट्टी पर वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर आए थे। गोरखपुर जाने के लिए वह शाम करीब सवा छह बजे परिवार सहित रोडवेज डिपो पर पहुंचे और बस की पूछताछ करने लगे। डिपो पर गोरखपुर से बनारस जा रही काशी डिपो की बस के परिचालक और चालक से जब बस के बारे में पूछा तो दोनों उन पर पिल पड़े।
गाली-गलौज करते हुए दोनों ने पत्रकार के साथ मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं आवाज देकर साथियों को भी बुला लिया। मौके पर आए साथियों ने भी पत्रकार पर हमला किया और उनका पर्स लूट लिया। पत्रकार के मुताबिक पाकेट के पर्स में 53 सौ रुपये नकद, एटीएम और प्रेस का आईडी कार्ड था। वारदात के बाद जब बचाव के लिए पत्रकार ने गुहार लगाई तो आरोपी चालक-परिचालक बस लेकर भाग निकले।
कोतवाली पुलिस की सूचना पर नंदगंज और सैदपुर थाने की पुलिस देर रात तक बस की लोकेशन ट्रैस करने में जुटी रही। घटना की सूचना पर सीओ सदर रमेश गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कोतवाल धर्मवीर सिंह का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
गोरखपुर से संजय की रिपोर्ट





