पीलीभीत : पेड न्यूज को लेकर अब प्रत्याशी भी उकता गए हैं. बरेली में जागरण के लोगों पर पेड न्यूज को लेकर हमला हुआ तो अब पीलीभीत में एक महिला उम्मीदवार ने एक अखबार के पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पेड न्यूज को लेकर ही निकाय चुनाव की अध्यक्ष पद की एक महिला उम्मीदवार और दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार की कहासुनी हुई. घटना की जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया. दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है.
यह घटना बुधवार की देर रात डीएम आवास के बाहर हुई. कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला आसफजान निवासी गीता मिश्रा ने नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद की दावेदार हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि एक दैनिक पत्र के संवाददाता अनुज सक्सेना ने फोन पर उनसे अभद्रता की, साथ ही चुनाव न लड़ने को कहा. उसने उनसे खबर छापने के लिए पैसे भी मांगे. उन्होंने इसकी शिकायत डीएम से करने की चेतावनी दी. दोनों डीएम आवास पर पहुंच गए. वहीं उनमें विवाद बढ़ गया. मौके पर पहुंचे कोतवाल सुदेश कुमार सिंह ने किसी तरह मामले को सलटाया. दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.






