मेरठ । देश भर के समाचार पत्र संचालकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत भारतीय भाषाई समाचार पत्र संगठन इलना के एक प्रतिनिधि मंडल द्वारा बीते 18 जून को उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अपर निदेशक डाक्टर अनिल कुमार से राष्ट्रीय जनरल सेकेट्री अंकित विश्नोई के नेतृत्व में मुलाकात की गई। सायं लगभग 4 बजे सूचना भवन लखनऊ स्थित अपर निदेशक के कार्यालय कक्ष में हुई मुलाकात के दौरान श्री अंकित विश्नोई द्वारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवि कुमार विश्नोई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राजीव वशिष्ठ एवं विपिन मोहन शर्मा की मौजूदगी में उन्हें 15 मांगों से संबंधित अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर उनके समाधान का आग्रह किया गया। सारी बाते गंभीरता पूर्वक सुनकर डा. अनिल कुमार ने नियमानुसार सभी बिन्दुओं का निदेशक /सचिव से विचार विमर्श कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
श्री विश्नोई द्वारा मांग पत्रों में उठाये गये बिन्दुओं में – 1 : सरकार की उपलब्धियों के विज्ञापन सभी को दिये जाने, 2 : विज्ञापन एजेंसियों से समय से भुगतान कराने, 3 : भुगतान बिल खो जाने पर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही और समाचार पत्र का भुगतान कराने, 4 : गेस्ट हाउसों में इलना के सदस्यों को समय पूर्व आरक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने, 5 : रियायती दरों में रोडवेज बसों में समाचार पत्र व पत्रिकाओं को 50 किलो मीटर तक 1 रुपये किलो तथा उससे ऊपर 100 किलो तक 2 रुपये किलो के हिसाब से बंडल भेजने, 6 : रोस्टर के अनुसार सभी समाचार पत्रों को निविदा सूचना समय से उपलब्ध कराने, 7 : डीएवीपी के आधार पर विज्ञापन दर सूचना विभाग द्वारा जारी किये जाने के साथ ही समाचार पत्र संपादकों के कार्ड जारी कराने, 8 : नई पत्रकार मान्यता का तुरंत निस्तारण कराने, 9 : पत्रकार मान्यता हस्तानांतरित करने पुराने कार्ड कट फट या खो जाने पर नये बनाकर देने, 10 : पत्रकार मान्यता हेतु कराई जाने वाली जांच में से विज्ञापन का कार्य करते हैं कि नहीं बिन्दु हटाने, 11 : पत्रकार मान्यता हेतु आठ पृष्ठों की मान्यता समाप्त करने आदि की मांग उठाई गयी। इस संदर्भ में दिये गये ज्ञापनों में विस्तार के साथ अपर निदेशक को हर बिन्दु से अवगत कराया गया। जिस पर उनके द्वारा जल्द से जल्द ज्यादातर बिन्दुओं को सही मानते हुए उन पर कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया गया।
स्मरण रहे कि उक्त ज्ञापन की प्रति निदेशक सूचना को भी दी गई तथा जल्द से जल्द कार्रवाई के लिए एक प्रति समस्त ज्ञापनों की सपा के प्रवक्ता विधान परिषद सदस्य राजेन्द्र चौधरी को भी भेजी गई है। इस संदर्भ में इलना के राष्ट्रीय जनरल सेक्रेटरी अंकित विश्नोई का कहना था कि उम्मीद की जाती है कि सभी बिन्दुओं पर कार्यवाही उपरांत समाचार पत्र संचालकों व पत्रकारों की परेशानियों का समाधान विभाग खोज लेगा। वर्ना इस संदर्भ में पुनः कार्यवाही हेतु मुख्यमंत्री जी तथा निदेशक/सचिव सूचना से मिला जाएगा। लेकिन हर हाल में समस्याओं का समाधान कराये बिना इलना शांत नहीं बैठेगी। और वो समय समय पर अगर आवश्यकता पड़ी तो रचनात्मक प्रयास अन्य तरीकों से भी करेगी।





