बनारस में जी न्यूज से जुड़ा विवाद अब कोर्ट में पहुंच गया है. जी न्यूज यूपी के पूर्व स्ट्रिंगर राम सुंदर राजू ने इस मामले में वेबसाइट क्लाउन टाइम्स को कोर्ट में घसीट लिया है. उन्होंने वेबसाइट पर मानहानि करने का आरोप लगाया है. इस मामले की अगली सुनवाई 28 जून को होगी. जी न्यूज बनारस में ब्यूरोचीफ विकास कौशिक एवं राम सुंदर राजू के बीच काफी लम्बे समय से शीत युद्ध चल रहा था. इसके चलते राम सुंदर अपने फीड कार्यालय से भेजने की बजाय अपने खर्चे पर दूसरे स्थानों से भेजते थे.
इस बीच वेबसाइट क्लाउन टाइम्स पर राजू को लेकर एक खबर प्रकाशित हुई. खबर के छपने के बाद विवाद बढ़ गया. इसी बीच राजेश कुमार अग्रहरि नामक युवक ने भी क्लाउन टाइम्स के खिलाफ सिगरा थाने में मामला दर्ज करा दिया. क्लाउन टाइम्स के प्रधान संपादक अशोक मिश्रा तथा संपादक अनिल मिश्रा के खिलाफ आईपीसी की धारा 386, 501, 504, 506 के तहत मामला दर्ज करा दिया गया. इस बीच जी न्यूज प्रबंधन ने भी इन विवादों को देखते हुए राम सुंदर राजू का कांट्रैक्ट आगे 31 मई के बाद आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया. कंपनी के इस कदम से राजू बिल्कुल बौखला गए. इसके बाद उन्होंने वेबसाइट पर प्रकाशित खबर को साजिश मानते हुए कोर्ट चले गए. उन्होंने वेबसाइट और उसके संपादकों को पार्टी बनाते हुए मानहानि समेत कई मामलों में परिवाद दायर किया है.





