राष्ट्रपति, मुद्रास्फीति, सर्वश्री, लोकतंत्र, नौकरशाही जैसे कितने ही शब्द हिंदी को देने वाले हिंदी के सुप्रसिद्ध पत्रकार संपादकाचार्य पंडित बाबूराव विष्णु पराड़कर के जन्मदिवस 16 नवम्बर से जुड़ी दो सूचनायें हैं. आज दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल डीडी-1 पर सुबह 9.30 बजे पराड़कर जी पर वृत्तचित्र का प्रसारण किया गया. इसे लखनऊ दूरदर्शन ने तैयार किया है. इसका फिल्मांकन पराड़कर जी की जन्म एवं कर्मभूमि वाराणसी में हुआ था.
वृत्तचित्र में शोध और आलेख आलोक पराड़कर का है जबकि इसका निर्देशन लखनऊ दूरदर्शन के कार्यक्रम अधिशाषी आत्म प्रकाश मिश्र ने किया है. वृत्तचित्र का फिल्मांकन नागरी प्रचारिणी सभा, पराड़कर निवास, पराड़कर स्मृति भवन, आज सहित कई जगहों पर किया गया है जबकि कई बातचीत शामिल हैं. उधर, जयंती समारोह का आयोजन 16 नवम्बर को अपराहन 4 बजे से वाराणसी के पराड़कर स्मृति भवन में किया जा रहा है. इस मौके पर ''पत्रकारिता- सरोकार का द्वंद्व'' पर चर्चा होगी.





