: कानाफूसी : देशभर में अपना अलग स्थान रखने वाला पिंक सिटी प्रेस क्लब जयपुर इन दिनों आपसी विवादों का अड्डा बन गया है। आलम यह यह हैं कि क्लब के पदाधिकारियों की मौजूदगी में बाहरी तत्वों ने क्लब के कर्मचारियों की धुनाई की। इससे नाराज कर्मचारी एक एक कर नौकरी छोड़कर जा रहे हैं। पीड़ित कर्मचारियों को डरा धमकाकर उल्टा फंसाने की बात की जा रही है।
पिछले दिनों प्रेस क्लब के सामने आरएसटी वोल्वो का ऑफिस खुला है। इसके संचालक ने जब गाड़ियां प्रेसक्लब के सामने लगाना शुरू की तो एक अखबार के फोटो ग्राफर ने उसे मना किया इस पर तिलमिलाए वोल्वो संचालक और उसके कर्मचारियों ने फोटोग्राफर की जमकर धुनाई की। बीच बचाव करने पहुंचे प्रेस क्लब के कर्मचारियों को भी वोल्वो संचालक ने जमकर धुना। इसके कुछ समय बाद प्रेस क्लब के पदाधिकारी पहुंच गए तथा मामला शांत कराने का आश्वासन दे दिया। इसके बदले वोल्वो संचालक को प्रेस क्लब का एसोसिएट सदस्य बनाने के लिए पैसों की मांग की गई। चर्चा तो यह भी है कि कुछ पदाधिकारियों ने इसके बदले मोटी रकम भी वसूली है। फोटोग्राफर तथा कर्मचारियों की धुनाई करने वाले वोल्वो संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की बजाय प्रेस क्लब के पदाधिकारी उसको ससम्मान क्लब में लेकर आए और मिठाइयां भी बांटी, इतना ही नही उसे क्लब में खाना भी खिलाया।
यह बात प्रेस क्लब के सदस्यों में फैलने के बाद थू थू हो रहा है। वहीं अपने ही चुने हुए पदाधिकारियों को हटाने के लिए जनरल मीटिंग की तैयारियां भी शुरू हो गई है। प्रेस क्लब में पत्रकारों और कर्मचारियों के साथ हाथापाई और बदतमीजी होना आम बात हो गई है। बहुत से पत्रकारों ने क्लब का रास्ता ही छोड़ दिया। वहीं जो आते भी हैं उनके मन में भी हमेशा भय बना रहता है। क्लब में घटिया खाना परोसा जाने की भी शिकायत है। ग्रीष्म कालीन गतिविधियों में भाग लेने वाले बच्चों को काफी मायूसी हुई। बच्चों को ना तो समय पर खाना मिला, ना ही नाश्ता।
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





