नई दिल्ली: आईटीओ पर दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर के सामने देर रात ऑटो में सवार पत्रकार समेत कुछ लोगों को बदमाशों ने लूट लिया. बदमाश इनोवा कार में सवार थे. वे अपनी इनोवा कार ऑटो के सामने खड़ी करके लूट की घटना को अंजाम दिया. इस ताजा वारदात ने एक बार फिर दिल्ली पुलिस के सुरक्षा के दावों पर प्रश्न चिन्ह लगा दिए हैं. बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे लूट की इस वारदात में एक पत्रकार समेत कुल तीन लोग शिकार हुए हैं.
पुलिस हेडक्वार्टर के करीब लूटपाट हुआ और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी. लूट का शिकार हुआ पत्रकार लुटेरों को रोकने में तो कामयाब नहीं हो सका, लेकिन मुस्तैदी दिखाते हुए उसने बदमाशों की इनोवा कार का नंबर जरूर नोट कर लिया. पर सवाल यही है कि क्या नम्बर मिलने के बाद भी दिल्ली पुलिस के हाथ उन लुटेरों के गिरेबान तक पहुंच पाएंगे. हेडक्वार्टर के पास ये सब हुआ तो दिल्ली के बाकी इलाकों में सुरक्षा के दावों में कितना दम है इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.






