रमाबाई नगर : अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा रनियां में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पत्रकार की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार 14/19 ए-3 सिविल लाइंस थाना ग्वालटोली कानपुर नगर निवासी पत्रकार शिवनाम सिंह चौहान बुधवार देर रात बाइक से अकबरपुर से कानपुर जा रहे थे. उनका पुत्र अभिजीत सिंह तथा शिवराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर निवासी उनके रिश्ते के भाई इंद्रनारायण सिंह दूसरी बाइक से उनके पीछे चल रहे थे. शिवनाम सिंह जैसे ही रनियां कस्बे में पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो मौरंग लादकर कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक यूपी 77 एन 7427 ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
पत्रकार के पुत्र तथा उनके भाई ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पर रनियां चौकी प्रभारी राकेश पांडेय पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए. तत्काल एम्बुलेंस का जुगाड़ कर इलाज के लिए शिवनाम सिंह को जिला चिकित्सालय भिजवाया. परन्तु इलाज के दौरान ही शिवनाम सिंह की मौत हो गई. चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के पुत्र अभिजीत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दुर्घटना करने वाले ट्रक चालक शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह गुजराई थाना के गजनेर का रहने वाला है. पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में लिया है.





