पूर्णिया : मोहनपुर ओपी क्षेत्र के समाचार पत्र विक्रेता ज्योतिष कुमार बुधवार को नाव दुर्घटना में भागलपुर जिला के ढोलबज्जा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन विजय घाट पुल के पास डूब गया था। जिसका पता घटना के दूसरे दिन भी नहीं चल सका। जबकि सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय लोगों द्वारा लगभग आधा दर्जन नावों पर सवार होकर बुधवार से उसकी तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार नवगछिया से सुबह साढ़े छह बजे ज्योतिष भगत निर्माणाधीन विजय पुल पहुंचे तथा वहां एक नाव पर चढ़ा इसी बीच नाव पीपापुल से टकरा गई तथा किनारे पर बैठा ज्योतिष पानी में डूब गया। इधर नाव पर सवार मोहनपुर क्षेत्र के अंझरी गांव के मो. गफार आलम जो दिल्ली से अपने परिवार के साथ लौट रहे थे ने भी बताया कि नाव जैसे ही पीपा पुल से टकराई कि ज्योतिष नदी में गिर पड़ा तथा हाथ-पांव मारने लगा। नाव पर सवार अन्य लोगों ने नाविक से ज्योतिष को बचाने के लिए कहा गया परंतु नाविक ने यह कहकर बात को टाल दिया कि वह भी नाविक ही है तैरकर बाहर निकल आएगा। परंतु उसे पानी से बाहर नहीं निकलते देख इसकी सूचना जब तक स्थानीय लोगों को दी गई तब तक वह नाव लेकर फरार हो गया।
इस बात की पुष्टि करते हुए मोहनपुर ओपी अध्यक्ष विनोद पांडे ने कहा कि चश्मदीद व्यक्ति ने उन्हें तथा ढोलबज्जा पुलिस को भी घटना की सारी जानकारी दी है। सीओ ने बताया कि नियमानुसार जबतक शव नहीं मिल जाता है तबतक कोई सरकारी सहायता नहीं दी जा सकती है। वैसे इस संबंध में वरीय पदाधिकारियों से बात कर कुछ बताएंगे। इधर ढोलबज्जा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। (जागरण)





