लोकमत समूह का हिंदी अखबार लोकमत समाचार के छठे एडिशन की लांचिंग पुणे से हुई. लांचिंग समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चाह्वाण, शिक्षा राज्यमंत्री राजेंद्र दर्डा, वरिष्ठ पत्रकार एवं सांसद बलबीर पुंज, न्यूज इंडियन एक्सप्रेस के एडिटर इन चीफ प्रभु चावला, तहलका के एडिटर इन चीफ तरुण तेजपाल, लोकमत समूह के चेयरमैन एवं सांसद विजय दर्डा भी इस मौके पर उपस्थित थे. इस दौरान मीडिया और राजनीतिज्ञों के संबंधों पर एक पैनल डिस्कशन का भी आयोजन किया गया.
इस मौके पर सीएम ने कहा कि लोकमत समाचार पुणे के लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है. उन्होंने कहा कि अखबार को ज्यादा से ज्यादा कॉस्मोपोलिटन होना चाहिए. परिचर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि एक पत्रकार राजनीतिज्ञ भी होता है. मीडिया को ना केवल पब्लिक ओपिनियन बनाने में सहयोग करना चाहिए बल्कि इसे राजनीतिक प्रक्रिया के विकास में भी सहायता करनी चाहिए. इससे सामंजस्यता बनी रहती है.
पुणे से प्रकाशित 12 पृष्ठ के लोकमत समाचार का मूल्य तीन रुपये निर्धारित किया गया है. अखबार के साथ अपना पुणे नाम से चार पेज का सप्लीमेंट भी दिया जाएगा, जिसमें पुणे और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता दी जाएगी. इसके अलावा अखबार के साथ तीन अतिरिक्त सप्लीमेंट भी दिए जाएंगे, जिनमें 'फॉर यू', 'साक्षी' तथा 'लोकरंग' शामिल रहेगा. लोकमत समाचार का पहला एडिशन 1989 में नागपुर से शुरू किया गया था. उसके बाद औरंगाबाद, अकोला, कोल्हापुर, जलगांव एडिशन लांच किए गए. अब पुणे छठा एडिशन है. इसके बाद प्रबंधन मुंबई से अखबार की लांचिंग की तैयारी में जुट गया है.





