अरियरी (शेखपुरा) : शादी समारोह से लौट रहे श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष गंगा कुमार यादव के वाहन पर शरारती तत्वों ने हमला बोल दिया. इस घटना के दौरान वाहन तो क्षतिग्रस्त हो गया, परंतु उसमें सवार लोग बाल-बाल बच गये. जानकारी के मुताबिक पूर्व कांग्रेसी विधायक सुनीला देवी के पुत्र का विवाह समारोह पटना में आयोजित था, जिसमें शिरकत कर बीती देर रात्रि जिलाध्यक्ष के साथ नगर उपसभापति मंटू साव, पत्रकार श्री निवास के अलावा जनार्दन यादव, शिव कुमार यादव स्कॉर्पियो वाहन से सवार होकर लौट रहे थे.
इसी क्रम में पटना से ही आर ब्लॉक के समीप स्थित मोड़ पर गाड़ी धीमी होते ही नकाबपोश शरारती तत्वों ने लूट के इरादे से वाहन पर हमला बोल दिया. लाठी-डंडों से वाहन पर प्रहार करना शुरू कर दिया, परंतु चालक ने कुशलता एवं चालाकी का परिचय देते हुए वाहन को वहां से किसी प्रकार निकालने में सफल रहा. इस घटना से वाहन के कई हिस्से एवं शीशा चकनाचूर हो गया. साभार : प्रभात खबर





